Mirzapur News: 'हाईवे पर हवाई जहाज...', देखने वालों की लगी भीड़, लोग बोले- पहली बार करीब से देखी Flight
UP Mirzapur News: मिर्जापुर जनपद में हाईवे पर सोमवार को एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। मिर्जापुर जनपद में एक ट्रेलर पर लदे एयर इंडिया के विमान को देखकर लोग हैरान रह गए।
हाईवे से गुजर रहे ट्रेलर को देखने के लिए लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। लोग विमान को नजदीक से देखने के साथ ही उसकी फोटो मोबाइल में कैद करते नजर आए। कुछ लोगों द्वारा विमान को छूने का भी प्रयास किया गया।

बाइक वाले हो या फोर व्हीलर वाले, सभी लोग ट्रेलर पर लगे विमान को देखने के लिए अपने वाहनों को रोक दे रहे थे। कुछ लोगों ने बताया कि अभी तक उन्होंने विमान को आसमान में उड़ते देखा था। पहली बार ऐसा हुआ है कि उन्होंने विमान को करीब से देखा है।
दरअसल, यह विमान मिर्जापुर जनपद के करनपुर पहाड़ी की चढ़ाई के बाद लालगंज अतरैला राजा टोल प्लाजा के पास देखा गया। ट्रेलर चालक द्वारा बताया गया कि यह पुराना विमान है, जो अब खराब हो गया है।
15 दिन पहले कोलकाता से लेकर चला था चालक
इस बारे में ट्रेलर चालक अर्जुन सिंह द्वारा बताया गया कि वह कोलकाता से 15 दिन पहले हवाई जहाज को लेकर नागपुर के लिए निकला था। पहाड़ी पर पहुंचने के बाद ट्रेलर में खराबी आ गई जिसके चलते गाड़ी यही रुकी है।
एक ट्रेलर पर विमान का मुख्य पार्ट रखा गया है जबकी दूसरे ट्रेलर पर उसका पंखा रखा गया है। चालक द्वारा यह भी बताया गया कि नागपुर में इस प्लेन में रेस्टोरेंट बनवाया जाएगा। जहाज में बने रेस्टोरेंट में भोजन करने का बहुत लोगों का शौक रहता है।
चालक द्वारा बताया गया कि अभी ट्रेलर में खराबी आ गई है। खराबी दूर होने के बाद ट्रेलर को आगे के लिए रवाना किया जाएगा। फिलहाल ट्रेलर खराब होने के चलते ट्रेलर पर लदे विमान को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है।












Click it and Unblock the Notifications