मेरठ: सकौती चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने अपनी इंसास रायफल से खुद को गोली मारकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के दौराला थाने की सकौती पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल ने अपनी इंसास रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर एसपी सिटी और सीओ दौराला मौके पर पहुंचे गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। फिलहाल, घटना के पीछे घरेलू कलह की बात कही जा रही है।

हीरालाल (50) मेरठ जिले के सकौती पुलिस चौकी पर तैनात था और वो बुलंदशहर के बीबीनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। हीरालाल के तीन बेटी व दो बेटे हैं। बताया गया है कि शनिवार देर रात हीरालाल होमगार्ड वेदपाल के साथ गश्त करके चौकी पर लौटे थे। दोबारा गश्त पर जाने से पहले उन्होंने होमगार्ड से चाय बनाने के लिए कहा। वेदपाल चाय बनाने के लिए चला गया और हीरालाल बेंच पर बैठ गए। थोड़ी ही देर में गोली की आवाज आई, जिस पर वेदपाल घबरा गया और हीरालाल की तरफ दौड़ा।
हीरालाल का खून से लथपथ शव देख उसके होश उड़ गए। उसने अन्य पुलिसकर्मियों को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घटना की जानकारी थाना दौराला पुलिस को दी, जहां से सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह और फॉरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आत्महत्या में प्रयुक्त इंसास रायफल को कब्जे में ले लिया है, जिससे हीरालाल ने खुद को गोली मारी थी। हीरालाल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications