मेरठ: कोरोना से दम तोड़ने वाले अकाउंटेंट के बेटे में कोविड-19 की पुष्टि, 74 हुई मरीजों की संख्या
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में शुक्रवार देर रात आइसोलेशन वार्ड में कोरोना से दम तोड़ने वाले नर्सिंग होम के अकाउंटेंट का बेटा भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसी के साथ जिले में कोरोना के मरीजों की कुल संख्या 74 हो गई है। हालांकि, राहत भरी खबर यह है कि रविवार को जिले में सिर्फ एक कोरोना पॉजिटिव केस मिला है। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि रविवार को मेरठ जिले से कुल 71 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। जिनमें से एक युवक को छोड़कर अन्य सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिस युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है, वह शुक्रवार को मेडिकल में दम तोड़ने वाले संतोष हॉस्पिटल के अकाउंटेंट का पुत्र है।

पुत्र के अलावा अकाउंटेंट के परिवार के सभी सदस्य निगेटिव
सीएमओ ने बताया कि युवक के अलावा अकाउंटेंट के परिवार के अन्य किसी सदस्य में कोरोना नहीं पाया गया है। हालांकि, इसके बावजूद इन सभी को फिलहाल क्वॉरंटाइन सेंटर में ही रखा जाएगा। इसी के साथ राहत भरी खबर यह है कि संतोष हॉस्पिटल के पूरे स्टाफ की जांच के दौरान कोई स्टाफ का व्यक्ति भी पॉजिटिव नहीं पाया गया है। इसी के साथ कुछ दिन पहले जली कोठी में हंगामे के दौरान कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए सभी पांच पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट भी निगेटिव मिली है। इसके बावजूद जिन सभी व्यक्तियों की रिपोर्ट रविवार को निगेटिव मिली है, उन्हें 14 दिन के क्वॉरंटाइन के बाद ही घर भेजा जाएगा।

देश में लगातार बढ़ता जा रहा है कोरोना का खतरा
पूरी दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी से जूझ रही है। दुनियाभर में इसके मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। अभी तक दुनियाभर में वायरस के कारण 1 लाख 58 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं संक्रमित लोगों की संख्या 22 लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, देशभर से अबतक कोरोना वायरस के 16,116 मामलों की पुष्टि हुई है, जिसमें से ठीक या विस्थापित मामले 2302 हैं, अब तक मरने वालों की संख्या 519 है।

यूपी में भी तेजी से फैल रहा कोरोना वायरस का असर
उत्तर प्रदेश में भी कोरोना वायरस का असर तेजी से फैलता जा रहा है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को जो जानकारी दी थी, उसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 1050 तक पहुंच गई है, जिसमें 959 मामले एक्टिव हैं और 108 मरीज अब तक डिस्चार्ज हो चुके हैं। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने कहा कि जिन जिलों में दस से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज हैं, उनको न खोलने के बारे में आज देर रात तक फैसला ले लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications