दरोगा की दहेज पीड़िता बेटी से विवेचक दरोगा ने किया रेप, सस्पेंड
मेरठ। दुष्कर्म के मामलों में अक्सर पीड़िताओं को चक्कर कटाने वाली 'खाकी' इस बार अपने ही विभाग के दरोगा की करतूत पर शर्मसार हुई है। हैरत की बात है कि जहां खाकी को शर्मसार करने वाला एक दरोगा है, वहीं पीड़िता खुद एक दरोगा की बेटी है। इसके बावजूद रिपोर्ट दर्ज होने पर भी अपने 164 के बयान ना होने से गुस्साई पीड़िता ने एसएसपी कार्यालय में हंगामा कर दिया। इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित थाने को तत्काल महिला के बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला
दरअसल, सिविल लाइन क्षेत्र की रहने वाली एक महिला के पिता यूपी पुलिस में दरोगा थे, जिनकी मौत हो चुकी है। महिला का कहना है कि उसका अपने पति और ससुराल वालों से विवाद चल रहा था, जिसकी जांच सिविल लाइन थाने में तैनात दरोगा विजय कुमार कर रहे थे। आरोप है कि बीती 3 जुलाई को दरोगा विजय कुमार ने बातचीत के बहाने पीड़िता को पुलिस लाइन स्थित अपने सरकारी क्वॉर्टर में बुलाया। इसके बाद उसके ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं आरोपी दरोगा पीड़िता के ससुरालवालों को सब कुछ बताने का डर दिखाकर महिला के साथ कई दिन तक दुष्कर्म करता रहा।

एसएसपी ने आरोपी दरोगा को किया सस्पेंड
तीन दिन पहले पीड़िता ने घटना की शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर उसके खिलाफ जांच बैठा दी। बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया की पुलिस उसके 164 के बयान दर्ज नहीं करा रही है। इतना ही नहीं आरोपी दरोगा कभी पैसे लेकर मुंह बंद करने तो कभी जान से मारने की धमकी देकर उसे केस वापस लेने के लिए मजबूर कर रहा है।

पीड़िता ने किया हंगामा
पीड़िता ने पूरे प्रकरण की शिकायत एसएसपी कार्यालय में करते हुए आरोपी दरोगा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। आला अधिकारीयों ने संबंधित थाने को पीड़िता के 164 के बयान दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि दरोगा को सस्पेंड कर उसके खिलाफ जांच कराई जा रही है, जांच में दोषी पाए जाने पर उसे जेल भेजा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications