कोरोना को मात देकर 9 पॉजिटिव मरीज अस्पताल से हुए डिस्चार्ज, मेरठ में 47 संक्रमित
मेरठ। कोरोना वायरस के संक्रमण से उत्तर प्रदेश में हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। इसी बीच मेरठ जिले से एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां शनिवार सुबह आई रिपोर्ट के अनुसार, शहर के पहले कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति समेत कुल नौ लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। ठीक हुए इन मरीजों में अमरावती महाराष्ट्र से आए क्रॉकरी कारोबारी के रिश्तेदार शामिल हैं। वहीं हरनाम दास रोड की रहने वाली मेडिकल छात्रा की दोनों रिपोर्ट नेगेटिव हैं। इन सभी कोरोन योद्धाओं को आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।

प्राचार्य डॉ आरसी गुप्ता ने बताया कि अमरावती से आये मेरठ के पहले मरीज समेत तकरीबन पूरा परिवार ठीक हो चुका है। संक्रमण मुक्त मिलने का बाद सभी को होम क्वारंटाइन में 14 दिनों के लिए भेजा जाएगा। प्राचार्य ने कहा कि सभी मरीजों का पूरा खयाल रखा गया। बता दें, आइसोलेशन वार्ड में से नौ लोगों के निकलने के बाद मरीजों की संख्या 31 रह गयी है। स्वास्थ्य विभाग इन सभी लोगों की निगरानी करेगा। नौ मरीज़ो के डिस्चार्ज के समय उनके कई परिजन भी पहुंच गए। मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य की शुभकामनाएं भी दीं।
मेरठ में एक डॉक्टर समेत चार मिले कोरोना पॉजिटिव
इससे पहले मेरठ जिले में चार और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें तीन जली कोठी की दरी वाली मस्जिद में रुके जमाती और एक शास्त्रीनगर सेक्टर 13 के यूनानी चिकित्सक हैं। यह चिकित्सक अमरावती से आए क्रॉकरी कारोबारी की ससुराल के पड़ोसी हैं। मेरठ में अब कोरोना के मरीजों की संख्या 47 हो गई है। पॉजिटिव आए इन लोगों के एक किलोमीटर क्षेत्र को तीन दिन के लिए सील किया जा रहा है।
मेरठ में 47 संक्रमित
बता दें कि शास्त्री नगर का एरिया तो पहले ही सील है, जबकि जली कोठी का एरिया अब सील किया जाएगा। मेरठ में कुल 47 मरीज पॉजिटिव आ चुके हैं, जिनमें 23 जमाती हैं और तीन उनके संपर्क वाले हैं। मेडिकल की लैब में शुक्रवार को 225 सैंपलों की जांच हुई। मेरठ के अलावा एक बुलंदशहर का पॉजिटिव है। सीएमओ डॉ राजकुमार ने बताया कि क्राकरी कारोबारी समेत सभी कोरोना के मरीजों की तबीयत ठीक है।












Click it and Unblock the Notifications