Meerut: जबरन व्यापारी को उठाकर ले जा रही पुलिस का कर रहे थे पीछा, पत्नी और भतीजे की रास्ते में हो गई मौत
पुलिस किसी अपराधी का पीछा कर रही हो और भागते समय अपराधी की मौत हो जाए, ऐसा तो कई बार सुना है। लेकिन इस मामले में पुलिस का पीछा कर रही एक महिला और उसके भतीजे ने अपनी जान गवां दी।

बीती रात मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड पर हादसे में हुई व्यापारी की पत्नी और भतीजे की मौत के बाद समाजवादी पार्टी ने यूपी पुलिस पर निशाना साधा है। सपा के ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करके इस मामले में यूपी पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्यवाही की मांग की गई है। वहीं, परिजनों ने भी घटना को साजिशन हत्या करार देते हुए जांच की मांग की है।

जबरन जीप में बिठाया, पत्नी और भतीजे ने किया पीछा
गौरतलब है कि मेरठ के टीपी नगर की गुप्ता कॉलोनी में रहने वाले पब्लिशर चेतन प्रकाश गर्ग को चेक बाउंस के मामले में देर रात हापुड़ पुलिस ने घर से उठाया था। परिजनों का आरोप है कि बिना कोई जानकारी दिए पुलिस चेतन को जबरन जीप में बिठा कर ले जा रही थी। इस दौरान पुलिस सादा वर्दी में थी जिस कारण उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा था। लिहाजा व्यापारी की पत्नी और भतीजा जीप का पीछा करने लगे।

पत्नी चित्रा और भतीजे मोहित को कैंटर ने कुचल डाला
जीप का पीछा करते समय हापुड़ रोड पर स्कूटी सवार चेतन की पत्नी चित्रा और भतीजे मोहित को कैंटर ने कुचल डाला था। हादसे के बाद आनन-फानन में पुलिस ने चेतन को छोड़ दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, परिजनों ने इसे साजिशन हत्या करार देते हुए मामले की जांच की मांग की। गमजदा माहौल में परिवार के लोग दोनों शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए बृजघाट रवाना हो गए।

Recommended Video

समाजवादी पार्टी ने यूपी पुलिस पर साधा निशाना
उधर, समाजवादी पार्टी ने पूरे प्रकरण पर यूपी पुलिस पर निशाना साधते हुए अपने टि्वटर अकाउंट से ट्वीट किया है। जिसमें हादसे के जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की मांग उठाई है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि "योगी सरकार की पुलिस के कारण हुई दो लोगों की मौत! मेरठ में व्यापारी को जबरन उठाकर ले जा रहे पुलिसकर्मियों का पीछा करने के दौरान व्यक्ति की पत्नी और भतीजे की सड़क दुर्घटना में मृत्यु। कानून और नियमों के विरुद्ध क्यूं कार्रवाई कर रही पुलिस? आरोपी पुलिसकर्मियों को मिले सजा।"












Click it and Unblock the Notifications