मेरठ: 16 हजार का कटा बुलेट का चालान तो बीच चौराहे पर देने लगा जान, फिर पुलिस ने किया ये काम
मेरठ: 16 हजार का कटा बुलेट का चालान तो बीच चौराहे पर देने लगा जान, फिर पुलिस ने किया ये काम
मेरठ, 29 सितंबर: खबर उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से है। यहां बुलेट का 16 हजार रूपए का चालान कटने से नाराज शख्स ने अपने परिजनों के साथ हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं, शख्स ने खुद के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगाने की कोशिश भी की। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने शख्स के हाथ से पेट्रोल से भरी बोतल छीन ली और तीनों को हिरासत में ले लिया और थाने लाकर तीनों का चालान कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, खुद पर मिट्टी का तेल छिड़कने वाले शख्स का नाम रोहित है। रोहित गंगानगर मवाना रोड लाल पार्क का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि रोहित 27 सितंबर को अपनी मां मुकेश देवी की दवाइ लेने के लिए घर से निकला था। बुलेट बाइक से वह साकेत चौहराहे पर पहुंचा ही था कि ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोक लिया और उसका चालान कर दिया। चालान की रकम 16 हजार रुपए थी, जिसको लेकर रोहित और ट्रैफिक पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई।
वहीं, 28 सितंबर को रोहित अपने पिता अशोक व मां मुकेश देवी को लेकर एसपी ट्रैफिक के ऑफिस पहुंचा और ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल कुमार मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। दरअसल, रोहित ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर ने एनकाउंटर की भी धमकी दी थी। इसके बाद तीनों कमिश्नरी चौराहे पर पहुंचे और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। तो वहीं, रोहित ने मिट्टी के तेल की बोतल निकाल ली और खुद पर उड़ेल ली। सूचना पर सिविल लाइन इंस्पेक्टर रमेश चंद शर्मा भी आ गए।
पुलिसकर्मियों ने रोहित से बोतल छीन ली और तीनों को हिरासत में ले लिया। थाने लाकर तीनों का चालान कर दिया। एसपी ट्रैफिक विनीत भटनागर ने बताया कि ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चल रहा है। मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगाने की कोशिश करने वाले तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications