प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के लिए बने लुटेरे, मेरठ में छात्रों का गैंग धराया
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीफार्मा और पॉलीटेक्निक के छात्र अपनी प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के चक्कर में लुटेरे बन गए। इतना ही नहीं छात्रों ने लूट करने के लिए बाकायदा एक गैंग बना रखा था। पुलिस ने इस गैंग के चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से 3 लग्जरी कार और 8 बाइक बरामद की है। पुलिस की मानें तो गैंग लीडर अभी पकड़ से दूर है, जिसे जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
मेरठ के एसपी सिटी रणविजय सिंह ने बताया कि 2 दिसंबर को इस गैंग ने एनएच-58 पर हथियारों के बल पर एक कार सवार को रोककर उससे नकदी और कार लूट ली। पुलिस ने कार में लगे जीपीएस की मदद से कार बरामद कर ली। लेकिन बदमाश वहां से कार छोड़कर फरार हो गए थे। एसपी सिटी की मानें तो पुलिस इस गैंग के पीछे लगी हुई थी। सोमवार की देर रात कंकरखेड़ा पुलिस और सीओ दौराला ने सरधना रोड़ से चैकिंग के दौरान शुभम, विनय, मोनू और बशर पकड़ लिया। पुलिस की मानें तो गैंग लीडर दीपक त्यागी अभी फरार है।

प्रेमिका के महंगे शौक पूरे करने के लिए बनाया गैंग
पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि यह गैंग पिछले एक साल से मेरठ और आसपास के इलाकों में सक्रिय है। गैंग के सदस्य वाहनों की लूटपाट करते है। पुलिस की मानें तो दीपक त्यागी और बशर ने अपनी गर्लफ्रेंड के महंगे शौक पूरे करने के लिए ये गैंग बनाया था। पुलिस ने इनके पास से 3 लग्जरी कार और 8 बाइक बरामद की है। पुलिस ने बदमाशों के पास से अवैध हथियार, ताला तोड़ने के लीवर, एटीएम कार्ड, आधार की बरामद किए है। बता दें कि यह गैंग गाजियाबाद, बागपत और शामली से 40 से 50 लूट चुका है।

अच्छे घर से है सभी
पुलिस की मानें तो चारों अच्छे परिवार से है। शुभम बागपत स्थित कॉलेज में बीए का छात्र है और जिम सेंटर में जिम ट्रेनर का कोर्स कर चुका है। वहीं, बाशर मेरठ में एक शिक्षण संस्थान में बीफार्मा कर रहा है। उसके परिवार में भाई व चाचा सरकारी चिकित्सक है। विनय पॉलीटेक्निक का छात्रा है। जबकि मोनू नगर सीसीएयू से बीए फाइनल का छात्र है।












Click it and Unblock the Notifications