मार डालने की धमकी देकर मेरठ में गैरेज मालिक से मांगी 50 लाख की रंगदारी, पुलिस ने धरा
मेरठ। यूपी में मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित यूनिक कार गैरेज के मालिक से 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। एसपी सिटी ने बताया कि पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी। संवाददाता के अनुसार, प्रभात नगर निवासी रिछपाल तोमर का सूरजकुंड रोड पर यूनिक कार गैरेज है। रिछपाल के मुताबिक उनका अपने कुछ रिश्तेदारों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी विवाद के चलते बीती 14 अगस्त को रोहटा रोड कृष्णा कॉलोनी निवासी मनीष तोमर अपने दो साथियों को लेकर उनके गैरेज पर पहुंचा।

आरोप है कि मनीष ने गैरेज में मौजूद रिछपाल के भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद फरार हो गया। इस मामले में रिछपाल तोमर ने आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। गैरेज मालिक का आरोप है कि घटना के बाद से आरोपी मनीष उनके मोबाइल पर कॉल करके 50 लाख की रंगदारी मांग रहा था।

एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी मनीष को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई होगी।












Click it and Unblock the Notifications