Meerut News: किसान के आंगन से निकले 52 सांप, ग्रामीणों ने मारकर दफनाए, गांव में दहशत का माहौल
Meerut News: यूपी के मेरठ जनपद के दौराला थाना क्षेत्र के समौली गांव में रविवार रात एक अजीबोगरीब और खौफनाक घटना सामने आई, जब एक किसान के आंगन से अचानक दर्जनों सांप निकलने लगे। गांव के निवासी महफूज के घर में जैसे ही एक सांप दिखा, उसने उसे मार गिराया।
बताया जा रहा है कि एक सांप को करने के बाद किसान और उनके परिवार आराम से बैठा था लेकिन थोड़ी ही देर बाद जो हुआ उस किसान के परिवार के साथ ही गांव के लोग भी हैरान रह गए। स्थिति ऐसी बन गई की रात भर लोगों को जागना पड़ा।

किसान महफूज ने बताया कि वह रात में सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी नजर लगभग डेढ़ फीट लंबे एक सांप पर पड़ी। उसके बाद उसने सांप को मार दिया। थोड़ी ही देर में एक के बाद एक सांप निकलने लगे।
किसान और उसके परिवार ने मिलकर सांपों को मारकर गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया। घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। हर कोई इस घटना की जानकारी मिलने के बाद हैरान नजर आया।
रैंप के नीचे से निकल रहे थे सांप
ग्रामीणों ने देखा कि सांप किसान के आंगन में बने रैंप के नीचे से निकल रहे थे। कुछ लोगों ने अनुमान लगाया कि रैंप के नीचे सांपों का बिल हो सकता है, जहां अंडे दिए गए होंगे। उसके बाद यहीं से सांपों का कुनबा तैयार हो गया होगा।
बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब नौ बजे तक सांपों की गिनती 52 तक पहुंच चुकी थी। सभी मरे हुए सांपों को मिट्टी में दबा दिया गया। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने आज तक इतनी बड़ी संख्या में सांप एक साथ नहीं देखे थे।
वन विभाग ने सूचना मिलने से किया इनकार
घटना के बाद ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने वन विभाग को सूचना दी थी, लेकिन विभाग की ओर से कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। वहीं मीडिया कर्मियों द्वारा वन विभाग से संपर्क किया तो कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी।
ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि यदि वन विभाग की टीम समय से पहुंच गई होती तो सांपों को मारने की बजाय उन्हें जिंदा पकड़कर जंगल में छोड़ा जा सकता था। फिलहाल इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। सोमवार सुबह में भी इसी घटना की चर्चा होती रही।
घटना के बाद गांव के बच्चों और बुजुर्गों में खौफ का माहौल है। लोग अपने घरों के दरवाजों और खिड़कियों को बंद रख रहे हैं। इस बारे में गांव के रहने वाले लोगों ने बताया कि पहले भी गांव में इक्का-दुक्का सांप देखे जाते रहे हैं। पहली बार इतनी संख्या में सांप देखे गए।












Click it and Unblock the Notifications