लॉकडाउन के उल्लंघन का वीडियो बनाने वाला शख्स गिरफ्तार, एसएसपी बोले- एक्टर बनना चाहता है युवक
मेरठ। मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के शकूर नगर इलाके में लॉकडाउन के उल्लंघन का वीडियो बनाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने शनिवार को वीडियो बनाकर शेयर कर दिया था, जो सोशल मीडिया वायरल हो गया है। वहीं, क्षेत्र को छावनी में तब्दील करते हुए भारी मात्रा में फोर्स तैनात कर दी गई है। बता दें, शनिवार को सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल हुए। दोनों वीडियो में काशिफ अली नाम का युवक इलाके के शकूर नगर स्थित खुले बाजारों में भीड़भाड़ के बीच लॉकडाउन के उल्लंघन को दिखा रहा था। इसी के साथ युवक खुद भी लॉकडाउन का उल्लंघन कर पुलिस प्रशासन का मखौल उड़ा रहा था।

मुंबई जाता रहता है युवक
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने शनिवार को सख्ती दिखाते हुए शकूर नगर के इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। पीएसी के साथ-साथ क्षेत्र में भारी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया। इसी के साथ सड़क पर निकलने वालों को पुलिस ने गलियों तक खदेड़ा। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि इस मामले में दुकान खोलने वाले व्यापारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। इसी के साथ वीडियो की जांच कराने पर पता चला कि काशिफ उर्फ बिग बॉस टीवी सीरियल में काम करना चाहता है। इसी के चलते उसका मुंबई आना जाना रहता है।
मुकदमा दर्ज, भेजा जा रहा जेल
Recommended Video
एसएसपी अजय साहनी के मुताबिक, काशिफ ने योजनाबद्ध तरीके से यह दोनों वीडियो बनाकर वायरल की थीं। इसी के साथ भरे बाजार बिना मास्क पहने घूमते हुए खुद भी लॉकडाउन का उल्लंघन किया था। इस मामले में काशिफ के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार को काशिफ को गिरफ्तार किया गया तो उसके मोबाइल से कई आपत्तिजनक चीजें भी बरामद हुईं। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान आरोपी और उसके पिता ने सड़क पर खूब ड्रामा किया। एसएसपी ने बताया आरोपी काशिफ को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications