ऑपरेशन कर रहे डॉक्टर ने काट दीं महिला की नस, विरोध करने पर परिजनों पर लूट का केस भी किया
मेरठ। डॉक्टर को 'धरती का भगवान' कहा जाता है। मगर, यूपी के मेरठ में एक महिला मरीज के साथ डॉक्टर ने जो किया, उसकी भर्त्सना हो रही है। डॉक्टर की वजह से महिला ठीक तो नहीं हुई, उल्टे उसकी जिंदगी और दर्दनाक हो गई। डॉक्टर ने ऑपरेशन के दौरान महिला की नस काट दी। परिजनों ने उसका हाल देखा तो वे गुस्सा हो गए। डॉक्टर ने अपने स्टाफ के जरिए उन्हें वहां से भगाने की कोशिश की। नर्सिंग होम संचालक ने दोगुना बिल बनाकर उनके हाथ में थमा दिया। उसका विरोध किया तो स्टाफ द्वारा महिला के परिजनों से मारपीट की गई। उनकी गाड़ी डैमेज कर दी। डॉक्टर यहीं नहीं रुके, महिला के परिजनों के खिलाफ ही थाने में लूट का मुकदमा दर्ज करा दिया।

इस मामले में पीड़ितों ने आज एसएसपी से शिकायत की। साथ ही मानवाधिकार सुरक्षा संगठन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी सिंह राठौर के साथ जिटोली निवासी मंजू अपने परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची। मंजू ने बताया कि उसकी देवरानी को 25 जुलाई को कंकरखेड़ा के आशुतोष नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। 26 जुलाई को डॉक्टरों ने उसकी देवरानी का बच्चेदानी का ऑपरेशन किया। डॉक्टरों ने लापरवाही बरतते हुए हमारी मरीज की दो नसें काट डालीं। फिर, कच्चे-पक्के बिल बनाकर महिला मरीज के परिजनों से दोगुनी रकम भी वसूली।

हालत बिगड़ने पर महिला के परिजनों ने उसे दूसरे डॉक्टर को दिखाया तो पता चला कि डॉक्टर ने नस काट दी थी। इस मामले की शिकायत करने वह नर्सिंग होम पहुंचे तो नर्सिंग होम संचालक ने उनके साथ मारपीट करते हुए उनकी कार में तोड़फोड़ का प्रयास किया। इसी के साथ उन पर मारपीट और लूट का आरोप लगाते हुए पुलिस बुला ली। नर्सिंग होम संचालक के दबाव में पुलिस ने उल्टा उनके खिलाफ ही लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पीड़ितों ने हॉस्पिटल की सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की। वहीं, एसएसपी में घटना की जांच का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications