प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होते ही प्रेमी ने मर्डर का किया था ऐलान, लड़की के पिता को मार डाला
मेरठ। एक तरफा प्यार में पागल सिरफिरे आशिक ने दिनदहाड़े युवती के पिता की गोली बरसाकर हत्या कर दी। यह सनसनीखेज वारदात हस्तिनापुर की है। इस घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, माखननगर बहसूमा निवासी निशांत पुत्र जसविंदर सिंह हस्तिनापुर क्षेत्र निवासी एक युवती से एकतरफा प्यार करता था। युवती का पिता अमर बुधवार सुबह अपनी साइकिल की दुकान पर था। तभी वहां पहुंचे बाइक सवार दो युवकों ने उस पर गोली बरसा दी। बताया गया कि युवती के पिता को तीन गोलियां लगीं। घटना की सूचना पर एसओ हस्तिनापुर धर्मेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घायल अमर को सीएचसी पहुंचाया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया। जिला अस्पताल ले जाते हुए उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि हत्यारोपी निशांत युवती से जबरन शादी करना चाहता था। इस बारे में निशांत को कई बार समझाने का प्रयास किया गया लेकिन वह नहीं माना। बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों ने उसकी शादी किसी दूसरे युवक से तय कर दी थी, जिससे बाद आरोपी निशांत ने युवती के पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। एसपी देहात अविनाश पांडे ने बताया कि आरोपी निशांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, वह तमंचा भी उसके पास से बरामद हो गया है जिससे उसने गोली मारकर अमर की हत्या की। पूछताछ में आरोपी ने युवती से एकतरफा प्यार करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications