मेरठ में 7 दिसंबर को एक मंच पर नजर आएंगे अखिलेश-जयंत, गठबंधन को लेकर हो सकती है घोषणा
मेरठ में 7 दिसंबर को एक मंच पर नजर आएंगे अखिलेश-जयंत, गठबंधन को लेकर हो सकती है घोषणा
मेरठ, 26 नवंबर: 2022 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में गठबंधन की संभावित खबरों के बीच राष्ट्रीय लोकदल और समाजवादी पार्टी की 7 दिसंबर को मेरठ में पहली बड़ी रैली होगी। इस रैली में अखिलेश यादव और जयंत चौधरी मंच साझा कर सकते हैं। तो वहीं, ऐसी संभावना भी जताई जा रही है कि इस रैली में गठबंधन को लेकर औपचारिक ऐलान भी किया जाएगा। बता दें, दो दिसंबर को जयंत चौधरी की मेरठ के दबुथवा में रैली प्रस्तावित थी, जो अब 7 दिसंबर को होगी। फिलहाल, इस रैली को लेकर रालोद के कार्यकर्ता तैयारियों में जुट गए हैं।

बता दें, अखिलेश और जयंत के बीच अभी सीटों के बंटवारे पर बात चल रही है। दरअसल, जयंत चौधरी ने करीब 50 सीटें मांगी थी। दोनों नेताओं के बीच सीटों के बटवारे को लेकर कई राउंड की बातचीत हुई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मानें तो रालोद के खाते में करीब 15 से 36 सीटें जा सकती है। तो वहीं, कुछ सीटों पर आरएलडी के सिंबल पर सपा के नेताओं का लड़वाया जा सकता है। हालांकि, बागपत और मुजफ्फरनगर में अधिकतर सीटों पर रालोद ही लड़ेगा।
सूत्रों की मानें तो बागपत की सभी तीन सीटों बागपत, बड़ौत और छपरौली विधानसभा पर रालोद ने दावेदारी की है। मुजफ्फरनगर में छह सीटों में से चरथावल को छोड़कर बाकी पांच सीटों पर रालोद की दावेदारी है। चरथावल सीट सपा के खाते में जाने की चर्चा है। इस सीट से पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक के बेटे पूर्व विधायक पंकज मलिक सपा प्रत्याशी बन सकते हैं। मलिक कुछ दिन पहले ही कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए हैं। तो वहीं, मेरठ में सात विधानसभा में दो से तीन पर रालोद की नजर है। कैंट और सिवालखास तय मानी जा रही हैं, दक्षिण या हस्तिनापुर में से भी एक सीट पर रालोद लड़ सकता है।
वहीं, शामली जिले की तीन सीटों में से थानाभवन और शामली पर रालोद की दावेदारी है। बिजनौर में दो सीटों नहटौर और बिजनौर पर रालोद की नजर है। सहारनपुर में देवबंद समेत दो सीटों पर रालोद ने दावेदारी की है। हापुड़ जिले की तीन विधानसभा सीटों में से एक हापुड़, गाजियाबाद में मुरादनगर, मोदीनगर और लोनी सीट भी रालोद के खाते में जा सकती है। बता दें, बुलंदशहर की करें तो तीन से चार सीटें रालोद के खाते में जा सकती है।
अलीगढ़ में दो, मथुरा में चार, हाथरस में सादाबाद, अमरोहा में नौगांवा सादात सीट पर रालोद की मजबूत दावेदारी है। लखीमपुर खीरी में एक और आगरा में दो सीटों पर दावेदारी की गई है। चौधरी जयंत सिंह और अखिलेश यादव की पहली मुलाकात में कुछ सीटों को लेकर सहमति नहीं बनी थी, लेकिन सूत्रों के मुताबिक तीन-चार दिन में दोनों नेताओं की दूसरी मुलाकात के बाद सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications