सिया कक्कड़ के बाद Tik Tok स्टार प्रज्ञा चौहान ने लगाई फांसी, सामने आई ये वजह
मेरठ। टिक टॉक स्टार सिया कक्कड़ के बाद अब एक और मेरठ में दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा प्रज्ञा चौहान ने फांसी लगाकर जान दे दी। प्रज्ञा दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा थी और हापुड़ जिले के गढ़मुक्तेश्वर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय चौहान की बेटी थी। बताया जा रहा है कि टिक टॉक बैन होने के बाद से प्रज्ञा परेशान थी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा काफी समय से डिप्रेशन में चल रही थी, उसका इलाज भी चल रहा था। वह इससे पहले भी आत्महत्या की कोशिश कर चुकी है। पल्लवपुरम की प्रज्ञा के अलावा कंकरखेड़ा की टिक टॉक यूजर मोनिका ने भी फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस दोनों ही मामलों की जांच में जुटी है।
Recommended Video

कई दिनों से डिप्रेशन में थी छात्रा
मेरठ जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में डिप्रेशन का शिकार एक टिक टॉक स्टार और ब्यूटी पार्लर संचालिका ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पिछले 24 घंटे में टिक टॉक यूजर दो युवतियों की आत्महत्या से हड़कंप मचा है। पहली घटना पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की है। बताया जाता है यहां ग्रीन पार्क कॉलोनी में रहने वाली 23 वर्षीय प्रज्ञा चौहान दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा थी। इसी के साथ छात्रा टिक टॉक पर भी काफी एक्टिव रहती थी। प्रज्ञा गढ़ थाने में तैनात दरोगा संजय चौहान की बेटी थी। एसपी क्राइम राम अर्ज के मुताबिक, छात्रा ने डिप्रेशन के चलते गुरुवार की शाम अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। उन्होंने बताया छात्रा पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में चल रही थी और उसका इलाज भी जारी था। इससे पहले भी कई बार छात्रा जान देने का प्रयास कर चुकी थी।

ब्यूटी पार्लर में फांसी लगाकर दी जान
दूसरी घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की है। यहां कैलाशी हॉस्पिटल के पास रहने वाली मोनिका ब्यूटी पार्लर चलाती थी। मोनिका ने गुरुवार की रात अपने पार्लर में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जाता है मोनिका का अपने पति शेखर से विवाद चल रहा था। उधर, लॉकडाउन के कारण पिछले 3 महीनों से पार्लर बंद होने के चलते मोनिका दुकान का किराया भी नहीं दे सकी थी। पुलिस दोनों ही घटनाओं की जांच में जुटी है।

सिया कक्कड़ ने की थी आत्महत्या
बता दें, बीते दिनों 16 साल की टिक टॉक स्टार सिया कक्कड़ ने आत्महत्या कर ली थी। सिया ने पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। सिया के सुसाइड की वजह डिप्रेशन बताई जा रही है। टिकटॉक स्टार ने सुसाइड से कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो भी शेयर किया था। सिया कक्कड़ के टिक टॉक पर डेढ़ लाख फॉलोवर्स थे और टिकटॉक पर 1.1 मिलियन लोग फॉलो करते थे। सिया के इस कदम से उनके फैंस हैरान और दुखी हैं।












Click it and Unblock the Notifications