मेरठ: महिला ने पति समेत पूरे कुनबे पर लगाया रेप का आरोप, एसएसपी ऑफिस पर हंगामा
मेरठ। यूपी के मेरठ में एक महिला ने अपने पति और अन्य ससुरालवालों के खिलाफ तीन तलाक और रेप का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करवाया है। इस मामले में आरोपियों ने इलाके के लोगों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। आरोपियों का कहना है कि महिला पिछले तीन साल से पति से अलग रह रही है। उन्होंने आरोपों को फर्जी बताते हुए एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। एसएसपी ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

क्या है पूरा मामला
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के रहने वाले शाहनवाज के साथ दर्जनों लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे। शाहनवाज ने बताया कि उसके क्षेत्र के रहने वाले दिलशाद नाम के युवक ने छह साल पहले अपनी मर्जी से लाल कुर्ती निवासी युवती से लव मैरिज की थी। शाहनवाज के मुताबिक, लगभग तीन साल पहले युवती का पिता बहाने से युवती को अपने साथ ले गया। इसके बाद से युवती अपनी ससुराल वापस नहीं लौटी। युवती के पति दिलशाद ने इस मामले में जिले के अधिकारियों से लेकर डीजीपी तक से गुहार लगाते हुए अपनी बीवी को मुक्त कराए जाने की मांग की। आरोप है कि इसके बावजूद उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
पति और ससुरालवालों पर तीन तलाक और रेप का आरोप
शाहनवाज ने बताया कि अब दिलशाद की पत्नी ने दिलशाद सहित उसके पूरे परिवार के खिलाफ खुद को तीन तलाक देने और दुष्कर्म किए जाने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है, जिसके बाद लालकुर्ती पुलिस दिलशाद के भाई को उठाकर ले गई। क्षेत्रवासियों ने हंगामा करते हुए पूरी घटना को फर्जी बताते हुए दिलशाद के परिवार पर दर्ज मुकदमे को निरस्त किए जाने की मांग की। एसएसपी ने मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications