मऊ: दो सगी नाबालिग बहनों के साथ कई बार हुआ रेप, दो गिरफ्तार
मऊ। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में दो सगी नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों द्वारा डरा-धमकाकर उनके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया। परिजनों को इस मामले की जानकारी होने पर मधुबन थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दोनों पीड़ितों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है।

जानकारी के मुताबिक, मामला मधुबन थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी नौ और दस वर्ष की दो सगी बहनें गांव में ही स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती हैं। पिछले कई दिनों से स्कूल जाते समय गांव के ही दो युवकों ने उनके साथ कई बार दुष्कर्म किया। साथ ही आरोपियों ने उन्हें किसी से इसकी चर्चा न करने की धमकी भी दी थी। जिससे डर के कारण पीड़ित बहनों ने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। बाहर रहकर नौकरी करने वाली उनकी बड़ी बहन जब घर पहुंची तो उससे उन्होंने आपबीती सुनाई।
यह सुनते ही पूरा परिवार स्तब्ध रह गया। परिवार में इस मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित बहनों के चाचा की ओर से पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दोनों आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के अनुसार, मधुबन थाने के एक गांव में नौ और दस वर्ष की दो सगी बहनों के साथ दुष्कर्म किया गया। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित बहनों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications