Mau News: घोसी चुनाव प्रचार के दौरान सपा पर बरसे डिप्टी सीएम, बोले-चुनाव बाद सपा हो जाएगी समाप्त वादी पार्टी
Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद की घोसी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में चुनाव प्रचार करने के लिए रविवार को पहुंचे यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव के बाद समाजवादी पार्टी समाप्त वादी पार्टी बनकर रह जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केवल सैफई को छोड़कर अन्य जगहों में रहने वाले यादव भी राष्ट्रवादी हैं। आगे उन्होंने कहा कि यदि पिछड़ी जातियों का कोई भी नेता आगे निकल जाता है तो वे ऐसे जहर उगलते हैं जैसे कोबरा नाग भी उनके आगे फेल हो। इसके अलावा उन्होंने दारा सिंह चौहान को वोट देने के लिए लोगों से अपील की।

चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आप घोसी उपचुनाव में दारा सिंह चौहान को चुनाव जिता रहे हैं, लेकिन मैं आपसे कहना चाहता हूं कि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार की जमानत जब्त होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने लोगों से हाथ उठवाकर सहमति दिलवाई।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में शोषित और वंचित वर्ग के लोगों के साथ न्याय भी किया जाता है, जबकि विपक्षी दल ऐसे लोगों को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करते हैं। कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा हर व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के हर सरकारी योजना का लाभ दिया जा रहा है।
26 फ्यूज बल्ब के समूह से रहें सावधान
जनसभा को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि एक ही परिवार के चार पीढ़ियां सत्ता में रहीं। ओपी राजभर और संजय निषाद के पास जो जनसमूह है उसको साथ लेकर चलने का काम करने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी के डबल इंजन की सरकार के लिए दारा सिंह चौहान को जिताना है। इसके अलावा विपक्षी एकता पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 26 फ्यूज बल्ब का एक समूह बना हुआ है। आप लोगों को ऐसे समूह से बचकर और सावधान रहना है।
इसी तरह जनसभा को संबोधित करते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि दूसरे को दलबदलू बोलने वाले समाजवादी पार्टी के नेता सबसे बड़े दलबदलू हैं। जिन लोगों ने उनका सहयोग किया साथ दिया उनके साथ ही उन लोगों ने छल किया। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी द्वारा केवल एक जाति का भला किया गया जबकि अन्य जातियों से छल किया गया। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि घोसी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी दारा सिंह चौहान 50,000 मतों से चुनाव जीत रहे हैं।
संवाद सूत्र- सुशील सिंह, मऊ, उत्तर प्रदेश












Click it and Unblock the Notifications