योगी सरकार के मंत्री बोले, हनुमान ठाकुर थे, वजह भी बताई
Mathura News,(मथुरा)। देशभर में फिलहाल हनुमान को लेकर राजनीति की जा रही है। इसी बीच यूपी के दर्जा प्राप्त मंत्री ठाकुर रघुराज सिंह मथुरा अपने एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। यहां हनुमान जी को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने उन्हें ठाकुर बता दिया। वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने तो राम, कृष्ण और अधिकांश ऋषि-मुनियों को लेकर भी बयान दे डाला और उन्हें भी ठाकुर बता दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ठाकुर का मतलब होता है तपस्या, बलिदान और त्याग, जो ये करता है वो ठाकुर है।

वहीं दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश महामंत्री और एमएलसी विद्यासागर सोनकर से मीडिया ने बात की तो उन्होंने हनुमान जी के बारे में चल रहे विवादित बयानों पर ना बोलते हुए कहा कि हनुमान जी हमारे भगवान हैं। वहीं मायावती पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि मायावती और अखिलेश के शासनकाल में अपराध बढ़ गए थे, महिलाए सुरक्षित नहीं थीं। साथ ही इनकी सरकार में भ्रष्टाचार भी अनियंत्रित था। ऐसे लोगों के बारे में बोलना ही बेकार है। वहीं भाजपा सरकार के शासन की उन्होंने जमकर तारीफ की।

बता दें कि योगी आदित्यनाथ के राजस्थान में एक सभा के दौरान भगवान हनुमान को दलित बताने के बाद से लगातार कोई न कोई इस पर टिप्पणी कर रहा है। इसी में कभी कोई हनुमान को गोंड बता रहा है तो कोई उन्हें जाट बता रहा है। इसी बीच भाजपा नेता बुक्कल नवाब ने एक बयान में भगवान हनुमान को मुसलमान कहा था। उन्होंने कहा था कि हनुमान जी मुसलमान हैं इसलिए अधिकांश मुसलमानों के नाम उनसे मिलते-जुलते हैं।












Click it and Unblock the Notifications