Mathura News: बांकेबिहारी का अब कर सकेंगे हवाई मार्ग से दर्शन, योगी सरकार ने की यह खास पहल
Mathura News Uttar Pradesh: कृष्ण भक्तों के लिए अच्छी खबर है। अब हवाई मार्ग से अब मथुरा वृंदावन और गोवर्धन की परिक्रमा की जा सकेगी। पर्यटन विभाग 25 दिसम्बर से इन क्षेत्रों में हेलिकाप्टर की सुविधा देने की तैयारी में है। इसके लिए हेलीपैड का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की उपस्थिति में पर्यटन भवन में मेसर्स राजस एयरो स्पोर्ट एंड एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड के साथ एमओयू हो चुका है। इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या देखते हुए हवाई सेवा की व्यवस्था बनाई गयी है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 25 दिसंबर को इसके उद्घाटन की संभावना है। इससे पर्यटन बढ़ने के साथ रोजगार के भी अवसर बढ़ेगें।

उन्होंने कहा कि अगले चरण में प्रदेश के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों ( लखनऊ, कपिलवस्तु, अयोध्या, वाराणसी व नैमिषारण्य) पर पीपीपी मोड पर इसके संचालन के लिए संस्था चयन की कार्यवाही की जा रही है। घरेलू पर्यटन के मामले में अभी हम देश में पहले स्थान पर हैं। विदेशी पर्यटकों मामले में भी यह उपलब्धि हासिल करने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। पीपीपी मोड पर संचालन के लिए मेसर्स राजस एयरोस्पोर्ट एंड एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड को 30 वर्ष की लीज पर दिया जा रहा है।
पहले सिक्स प्लस वन सीटर हेलीकाप्टर का संचालन किया जाएगा। जरूरत के हिसाब से यह संख्या बढ़ सकती है। मथुरा में तीन प्रकार की सेवा दी जाएगी। पहली हवाई परिक्रमा मथुरा, दूसरी पूरे मथुरा का हवाई भ्रमण और तीसरी कनेक्टिविटी भ्रमण। देश में पहली बार ऐसा हो रहा है जब किसी धार्मिक स्थल की एयर परिक्रमा की शुरुआत हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications