VIDEO : मैडम ने बच्चों को कीचड़ में खड़ा कर अपने लिए बनाया 'कुर्सी का पुल', टीचर को बहुत भारी पड़ी ये हरकत
मथुरा, 28 जुलाई: उत्तर प्रदेश के मथुरा में बीते दिनों भारी बारिश के बाद प्राथमिक स्कूल परिसर में बारिश का पानी भर गया। पानी घुटनों तक लबालब भरा हुआ था। इस बीच स्कूल टीचर ने बच्चों को पानी में खड़ा करवाकर खुद के लिए प्लास्टिक की कुर्सियों का एक पुल बनवा लिया। पानी के बीच खड़े स्कूली बच्चों के सहारे मैडम ने कुर्सियों पर चढ़कर रास्ता पार कर लिया। इसका वीडियो स्कूल में मौजूद किसी शख्स ने बना लिया और सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद टीचर पर गाज गिर गई है। बीएसए ने स्कूल टीचर को सस्पेंड कर दिया है।

7 में से सिर्फ एक टीचर कुर्सी के पुल पर चढ़कर निकली
मामला बलदेव ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय दघेटा प्रथम का है। जानकारी के मुताबिक, इस स्कूल में कुल सात टीचर हैं, जिसमें 4 महिला और 3 पुरुष शामिल हैं। बीते दिनों हुई बारिश में स्कूल परिसर पानी से तालाब बन गया था। इस दौरान पल्लवी नाम की एक शिक्षिका ने बच्चों से पानी के बीच कुर्सियां लगवाईं और फिर उनपर चढ़कर स्कूल से बाहर निकलीं। जबकि, बाकी 6 टीचर्स उसी पानी में से होकर निकले।

बच्चे मैडम के लिए पानी में खड़े होकर बनाते रहे कुर्सियों का पुल
वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बारिश का पानी स्कूल परिसर में भर गया था। इस बीच टीचर पल्लवी ने बच्चों से कुर्सी का पुल बनवाया और खुद को बचाने के लिए कुर्सियों पर से होकर निकल गईं। वहीं, बच्चे पानी में पांव रखकर अपनी मैडम के लिए खुशी-खुशी कुर्सियों का पुल बना रहे।

BSA ने टीचर को किया सस्पेंड
वीडियो वायरल हुआ तो प्रभारी बीएसए नीतू सिंह ने तुरंत एक्शन लेते हुए टीचर को सस्पेंड कर दिया है। बीएसए ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लिया गया है और उच्चाधिकारियों के संज्ञान में भी यह वीडियो है। अब अध्यापिका पल्लवी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर की गई है।












Click it and Unblock the Notifications