बंटाढार और करप्शननाथ चाहिए या गरीब कल्याण करने वाली BJP, जनता तय करेः केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
MP News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आपको दो विचारधाराओं के बीच चुनाव करना है। एक तरफ बंटाढार और करप्शननाथ वाली कांग्रेस है, जो कहती है कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है। दूसरी तरफ मोदी जी के नेतृत्व वाली भाजपा है, जो गरीबों, आदिवासियों को सम्मान देती है। आपको तय करना है कि बंटाढार और करप्शननाथ की सरकार चाहिए या विकास करने वाली, गरीब कल्याण करने वाली भाजपा की डबल इंजन सरकार चाहिए।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को मंडला से जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित किया। इस दौरान सभा को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री से फग्गनसिंह कुलस्ते और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।

आदिवासियों के सम्मान और विकास के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने दिखाया नया रास्ता
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 1857 में जब देश के कई राजे-रजवाड़े अंग्रेजों से समझौता कर रहे थे, राजा शंकरशाह और रघुनाथ शाह ने देश की आजादी के लिए अपने सीने पर अंग्रेजों की तोप के गोले झेले और जीवन बलिदान कर दिया। उनका बलिदान सिर्फ इस क्षेत्र के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं को प्रेरणा देता है। कांग्रेस ने ऐसे बलिदानी वीरों के सम्मान और आदिवासियों के विकास के लिए कुछ नहीं किया। कांग्रेस जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा की बात करती थी, लेकिन मोदी जी ने हमारे जनजातीय समाज को सुरक्षा और सम्मान से जीने का अधिकार भी दिया है। स्व अटलबिहारी वाजपेयी की सरकार ने अलग से आदिवासी मंत्रालय बनाया और प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने 23 और जातियों को जनजातीय वर्ग में शामिल किया।

शाह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत मोदी जी की सरकार ने की, देश में जनजातीय संग्रहालय बनाए। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय आदिवासियों का बजट 24 हजार करोड़ था, जिसे मोदी जी ने 1,19000 करोड़ तक पहुंचा दिया। एकलव्य स्कूलों के लिए 287 करोड़ का प्रावधान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसी आदिवासी नेता को आगे नहीं बढ़ने दिया, जबकि मोदी जी ने एक गरीब, आदिवासी परिवार की बहन द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाया है। राजा शंकरशाह और रघुनाथशाह का भव्य स्मारक जबलपुर में बनाया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार ने देश में सबसे पहले पेसा एक्ट लागू किया। दो साल पहले आदिवासी सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज जी ने 17 घोषणाएं की थीं और मुझे खुशी है कि दो सालों में ये सारी घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं। श्री शाह ने कहा कि मध्यप्रदेश ने आदिवासी कल्याण के क्षेत्र में देश को नया रास्ता दिखाया है।
करप्शननाथ की सरकार में मनी कलेक्शन ऑफिस बन गया था सीएमओ
अमित शाह ने कहा कि 20 साल पहले प्रदेश में बंटाढार की सरकार थी, जिसने प्रदेश को बीमारू बनाकर छोड़ दिया था। हर तरफ भ्रष्टाचार और लूट-खसोट मची हुई थी। सड़कें गड्ढों से भरी थीं। खेतों को पानी नहीं मिलता था और घरों में बिजली नहीं आती थी। महिला सुरक्षा का अभाव था। इसके बाद आई भाजपा की सरकार ने बीमारू राज्य को बेमिसाल राज्य बनाया। इसके बाद आई कमलनाथ सरकार ने भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई गरीब कल्याण की 51 योजनाएं बंद कर दीं। सीएमओ को मनी कलेक्शन ऑफिस बना दिया और कांग्रेस वर्किंग कमेटी करप्शन वर्किंग कमेटी बन गई थी। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपने इस्तीफे से 15 मिनट पहले 65 हजार करोड़ का मोबाइल घोटाला किया।

शाह ने कहा कि कमलनाथ 350 करोड़ के मोजर बेयर घोटाले, 2400 करोड़ के अगस्ता वेस्टलैंड घोटाले, 600 करोड़ के इफको घोटाले, 25 हजार करोड़ की किसान कर्जमाफी धोखाधड़ी और 1178 करोड़ के किसानों के बोनस घोटाले से संबद्ध रहे हैं और उस सरकार ने भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये। इसके बाद फिर शिवराज जी की सरकार बनी और मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन वाली सरकार प्रदेश को बेमिसाल राज्य बनाने के लिए काम कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 91 लाख किसानों को हर साल 12000 रुपये किसान सम्मान निधि दे रही है। जलजीवन मिशन में 7 लाख परिवारों को नल कनेक्शन दिए गए हैं। 5.10 करोड़ लाभार्थियों को प्रतिमाह 5 किलोग्राम राशन मुफ्त दिया जा रहा है और उज्जवला योजना में 10 लाख गैस सिलेंडर दिये हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना में 42 लाख घर बनाने का काम किया है और मोदी जी तथा शिवराज जी की जोड़ी ने 1.36 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है।
गांव, गरीबों के उत्थान के लिए भाजपा को आशीर्वाद दें
शाह ने कहा कि आज वीरांगना रानी दुर्गावती और राजा शंकर शाह, रघुनाथ शाह की भूमि से जन आशीर्वाद यात्रा की शुरुआत हो रही है और मैं आपसे आशीर्वाद मांगने आया हूं। प्रदेश में पांच आशीर्वाद यात्राएं निकल रही हैं, जो 10600 किलोमीटर चलकर 210 विधानसभा क्षेत्रों में घूमेंगी। 25 सितंबर को भोपाल में इनका समापन होगा और बंटाढार तथा करप्शननाथ सुन लें, उसी दिन यह तय हो जाएगा कि 150 सीटों के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। श्री शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार गांव, गरीबों का उत्थान करने वाली और बेटियों को आगे बढ़ाने वाली सरकार है, जिसने सारी दुनिया में भारत की छवि को निखारा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में पाकिस्तान से आतंकी आते थे और हमारे जवानों का सिर कलम करके ले जाते थे। उन्हें पता नहीं था कि देश में अब मोदी जी की सरकार है।
उन्होंने पुलवामा और उरी में हमला किया, तो हमारी सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के जरिए आतंकियों के घर में घुसकर उनका सफाया कर दिया। मोदी जी ने सारी दुनिया को यह संदेश दे दिया कि कोई भारत की सेना और सीमा से छेड़खानी करने की हिम्मत न करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में देश की अर्थव्यवस्था दुनिया में 11 वें स्थान पर थी, जिसे मोदी जी की सरकार ने पांचवें स्थान पर पहुंचा दिया। भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। दुनिया में सबसे ज्यादा सम्मान मोदी को मिले हैं। इसलिए आप गांव, गरीबों को उत्थान के लिए भारतीय जनता पार्टी को अपना आशीर्वाद दें।

जनजातीय समाज के लिए की गई सभी 14 घोषणाओं को किया पूराः शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज मंडला की पवित्र धरती पर केन्द्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह पधारे हैं, उनका मैं मध्यप्रदेश की धरती पर ह्दय से स्वागत करता हूं। आज मंडला और मध्यप्रदेश के लिए शुभ दिन है, क्योंकि आज लंबे समय बाद बारिश शुरू हुई है। कल ही मैंने बाबा महाकाल से बारिश के लिए प्रार्थना की थी। आज किसानों की इच्छा पूरी हुई है लेकिन मैं आपसे कहना चाहता हूं कि कोई भी संकट आए तो घबराना नहीं, सरकार आपकी हर समस्या का समाधान करेगी। हम सरकार नहीं चलाते बल्कि जनता की सेवा करते हैं। आज आपका आशीर्वाद मांगने के लिए आए हैं और हम इसके हकदार भी हैं, क्योंकि भाजपा की सरकार ने गरीब कल्याण के काम किए हैं।
सीएम शिवराज ने कहा कि जनजातीय समाज के लिए मैंने 14 घोषणाएं की थीं और इन सभी घोषणाओं को पूरा करने का काम मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है। कांग्रेस ने कभी जनजातीय योद्धाओं को सम्मान नहीं दिया। उसने हमेशा जनजातीय समाज का शोषण किया है। पेसा एक्ट भी भाजपा सरकार ने लागू किया है, श्री रघुनाथ शाह, श्री शंकर शाह का बलिदान दिवास मनाया जा रहा है। यहां मेडिकल कॉलेज बनने वाला है। यह भाजपा की सरकार है, जिसने जनजातीय समाज के उत्थान के लिए काम किया है। कांग्रेस को एक परिवार को अलावा दूसरे महानायकों के नाम ही याद नहीं हैं। हम सरकार नहीं परिवार चलाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications