मां ने देवर के संग मिलकर अपनी 14 साल की बेटी की गला घोंटकर की हत्या, जानिए वजह
मैनपुरी। यूपी के मैनपुरी में बेवर पुलिस ने शिवानी हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। शिवानी की हत्या उसी की मां ने अपने देवर की मदद से की थी। गुरुवार को पुलिस ने मृतका शिवानी की मां और उसके देवर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने गला घोंटकर हत्या करना स्वीकार कर लिया है। दोनों आरोपियों को लिखापढ़ी के बाद जेल भेज दिया गया है। बता दें, थाना बेवर क्षेत्र के गांव घुटारा निवासी नवीस कुमार की 14 वर्षीय पुत्री शिवानी की 26 सितंबर को संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने बताया था कि पुत्री ने बंद कमरे में आत्महत्या की है। उन्होंने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजनों की कहानी झूठी साबित हुई थी।

दो बार करवाया गया पोस्टमार्टम
किशोरी की गला दबाकर हत्या की गई थी। रिपोर्ट आने के बाद बेवर थाना इंस्पेक्टर जसवीर सिंह सिरोही फोरेंसिक टीम के साथ एक बार फिर किशोरी के घर पहुंचे थे और जांच की थी। वहीं, किशोरी का दोबारा पैनल द्वारा पोस्टमार्टम भी कराया गया था, जिसमें उसकी गला दबाकर हत्या होना ही आया था। एसपी अजय कुमार पाण्डेय ने मामले का खुलासा करने के कड़े निर्देश दिए थे। सीओ भोगांव अमर बहादुर सिंह के कुशल नेतृत्व में बेवर थाना इंस्पेक्टर जसवीर सिरोही घटना का खुलासा करने के लिए जांच के हर पहलू पर लगे हुए थे।
किशोरी के गांव के युवक से थे प्रेम संबंध
जांच के दौरान ही पता चला कि किशोरी शिवानी के गांव के युवक से प्रेम संबंध थे। परिवारीजन बदनामी से क्षुब्ध थे। घटना पहले भी किशोरी के परिवारीजनों और युवक के परिवारीजनों में इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। बदनामी से बचने के लिए 26 सितंबर को मां रेनू पत्नी नवीस कुमार ने अपने देवर अवनीश की मदद से शिवानी का गला घोंटकर हत्या कर दी। सीओ अमर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने रेनू और उसके देवर अवनीश पुत्र करन सिंह निवासी ग्राम घुटारा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के समक्ष दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। दोनों को जेल भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications