नवोदय छात्रा हत्याकांड: SIT ने CO-दारोगा को बताया दोषी, चार्जशीट दाखिल
लखनऊ, 06 जनवरी: मैनपुरी के नवोदय की छात्रा की मौत के मामले में तत्कालीन सीओ और तत्कालीन थाना प्रभारी भोगांव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने इन पुलिस अधिकारियों को जांच में लापरवाही करने का दोषी मानते हुए इनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। एडीजी कानपुर भानू भास्कर ने इन अधिकारियों पर कार्रवाई करने के लिए एडीजी आगरा को लेटर लिखा है और इन अधिकारियों को लेकर की गई जांच की रिपोर्ट मांगी है। एसआईटी की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।

2019 में 11वीं की छात्रा का शव फांसी पर लटका मिला था
भोगांव के नवोदय विद्यालय में 16 सितंबर 2019 को 11वीं की छात्रा का शव फांसी पर लटका मिला था। उस समय भोगांव के क्षेत्राधिकारी प्रयांक जैन थे। कोतवाली प्रभारी के रूप में पहुप सिंह की तैनाती थी। छात्रा की मौत के बाद हुए घटनाक्रम और जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर इन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया था। हाईकोर्ट के निर्देश पर एडीजी कानपुर भानू भास्कर की अध्यक्षता में एसआईटी छात्रा की मौत की जांच कर रही है।
प्रिंसिपल को गिरफ्तार कर भेजा जा चुका है जेल
एसआईटी ने इस मामले में छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी बनाई गई नवोदय की पूर्व प्रधानाचार्य सुषमा सागर को दोषी ठहराते हुए उनकी गिरफ्तारी की और उन्हें जेल भेज दिया है। कोर्ट से भी सुषमा सागर की जमानत अर्जी खारिज हो चुकी है। अब एसआईटी तत्कालीन पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच कर रही है। एडीजी भानू भास्कर ने तत्कालीन सीओ प्रयांक जैन, थाना प्रभारी पहुप सिंह को इस मामले में दोषी माना है। उनके खिलाफ 7 दिसंबर को आरोप पत्र तैयार किया गया और उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए भेजा गया। एडीजी भानू भास्कर ने एडीजी आगरा को लेटर भेजकर सीओ प्रयांक जैन की जांच से जुड़ी एएसपी मैनपुरी की रिपोर्ट मांगी है।












Click it and Unblock the Notifications