यूपी पुलिस ने नहीं सुनी तो महिलाओं ने 'अदालत' लगाकर मनचले को दी सजा
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में छेड़खानी करने वाले दबंग के खिलाफ थाने में पुलिस ने जब गुहार नहीं सुनी तो इसके बाद उसको सबक सिखाने के लिए महिलाओं ने एकजुटता दिखाई। महिलाओं की 'अदालत' में आरोपी को पकड़कर लाया गया और सजा के तौर पर उससे माफी मंगवाई गई। जब आरोपी ने आगे ऐसी हरकत न करने की कसम खाई तब महिलाओं ने उसे छोड़ा। महिलाओं ने आरोपी के खिलाफ दो थानों में तहरीर दी थी लेकिन कई दिनों तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

पीड़िता की गुहार पुलिस ने नहीं सुनी
मामला मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र का है। स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्या के साथ दबंग युवक ने 26 नवंबर को छेड़खानी की थी तो उसके खिलाफ पीड़िता ने इलाहाबांस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई के लिए गुहार लगाई थी। जब पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कुछ नहीं किया तो इसके बाद पीड़िता ने आरोपी को सबक सिखाने की खुद ही तैयारी शुरू कर दी। आरोपी पहले भी कई महिलाओं से छेड़खानी कर चुका था।

11 दिनों तक नहीं हुई कोई सुनवाई
11 दिनों तक इलाहाबांस थाना की पुलिस ने मामले को लटकाए रखा और आरोपी की गिरफ्तारी तो दूर, केस तक दर्ज करना जरूरी नहीं समझा। इसके बाद दबंग से परेशान महिलाओं ने थाना एलाऊ पुलिस से भी उसे पकड़ने की गुहार लगाई थी लेकिन वहां भी न्याय न मिलता देख पीड़िता के साथ महिलाएं एकजुट हुईं। दबंग आरोपी को उसके घर पर जाकर महिलाओं ने पकड़ा और उससे मारपीट करने ही वाली थी कि वहां बुजुर्गों ने उनको रोका।

महिलाओं ने दी ये सजा
बुजुर्गों ने महिलाओं को मारपीट करने के बजाय पंचायत कर सजा देने की सलाह दी। पंचायत में आरोपी को दंड देते हुए वहां मौजूद सभी महिलाओं के पैर छूकर और अपने कान पकड़कर माफी मांगने को कहा गया। आरोपी ने सबके सामने पीड़िता के पैर छूकर माफी मांगी और कान पकड़कर फिर ऐसी हरकत आगे न करने की कसम खाई। इसके बाद महिलाओं ने उसे छोड़ा।

पुलिस ने मामले पर कहा
इस घटना के बारे में चौकी इंचार्ज रूपेश कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पीड़िता की तरफ से तहरीर मिलने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी गई थी लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका। महिलाओं ने समझौता तो कर लिया है लेकिन पुलिस इस मामले में आगे कानूनी कार्रवाई करेगी।












Click it and Unblock the Notifications