'कभी पत्रकारों को चाय पर ले जाएं...आप जानते हैं कि मेरा क्या मतलब है', महाराष्ट्र BJP प्रमुख ने क्यों कहा ऐसा?
Maharashtra BJP chief Chandrashekhar Bawankule News: महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी (BJP) अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि, 'कभी पत्रकारों को चाय पर ले जाएं...आप जानते हैं कि मेरा क्या मतलब है।' अब इस बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
अहमदनगर में एक ब्लॉक कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा कि, 'उपद्रव पैदा करने वाले पत्रकारों की एक सूची तैयार कीजिए और उनकी गतिविधियों और रिपोर्टों की निगरानी कीजिए।'

सामने आए ऑडियो क्लिप में चन्द्रशेखर बावनकुले को ये कहते हुए सुना जा सकता है कि, 'उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया कि पत्रकार केवल "पॉजिटिविट स्टोरी" प्रकाशित करें।'
चन्द्रशेखर बावनकुले ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वो पत्रकारों को अगले साल के चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ आलोचनात्मक रिपोर्ट दर्ज न करने के लिए मनाए।
चन्द्रशेखर बावनकुले ने कहा, "...समाचार पोर्टल चलाने वाले छोटे वीडियो पत्रकार कभी-कभी एक छोटी सी घटना को ऐसे पेश करते हैं जैसे कि कोई विस्फोट हुआ हो। ऐसे उपद्रव करने वाले पत्रकारों की एक सूची तैयार करें, और उन्हें अपने साथ चाय पर ले जाएं...आप समझ ही गए होंगे कि मेरा मतलब क्या है...। उन्हें समझाए कि वो ऐसा न करें और हमारे खिलाफ कुछ भी मत लिखा करें। आप जानते हैं कि उन्हें चाय पर ले जाने से मेरा क्या मतलब है।"
चन्द्रशेखर बावनकुले ने आगे कहा, 'उन्हें (पत्रकारों) ढाबों पर ले जाएं। उनके साथ अच्छा व्यवहार करें और सुनिश्चित करें कि हमारे खिलाफ कोई नकारात्मक खबर न आए। हमारे बारे में सकारात्मक खबरें आनी चाहिए। पहले अपने बूथ को सुरक्षित रखें।"
उन्होंने यह भी घोषणा की कि मोदी सरकार के खाते में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हैं, लेकिन इन्हें पत्रकारों द्वारा छिपाया जा रहा है जो उनके पास जो भी गलत खबरें हैं उन्हें प्रकाशित करने पर वो जोर देते हैं।
कांग्रेस ने किया पलटवार
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार, जो विपक्ष के नेता भी हैं, ने पलटवार करते हुए कहा कि, "सभी पत्रकार बिक नहीं गए हैं... क्या आपको लगता है कि पत्रकार इस तरह की चीजों को स्वीकार करते हैं? मैं आपके शीर्ष स्तर और स्थानीय दोनों नेताओं की बेचैनी समझ सकता हूं...। लेकिन वे आपके आवाज नहीं दबा सकते हैं। लेकिन अब आपने सीधे प्रस्ताव देना शुरू कर दिया है?"












Click it and Unblock the Notifications