उद्धव ठाकरे गुट की दिग्गज महिला नेता निर्मला गावित एकनाथ शिंदे की Shiv Sen में हुईं शामिल
Who is Nirmala Gavit: महाराष्ट्र में होने वाले निकाय चुनाव से पहले उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को तगड़ा झटका लगा है। पूर्व विधायक निर्मला गावित बुधवार (28 मई 2025) को उद्धव ठाकरे की पार्टी छोड़कर एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गई हैं।
उद्धव ठाकरे का गुट छोड़कर आई निर्मला गावित को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना की सदस्यता दिलाई गई। निर्मला गावित के शिवसेना में शामिल होने पर बड़ा आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और शिवसैनिक मौजूद रहे। जानिए निर्मला गावित कौन हैं और इनके शिंदे गुट मे शामिल होना उद्धव ठाकरे गुट के लिए क्यों तगड़ा झटका माना जा रहा है?

बता दें महाराष्ट्र चुनाव 2024 के खराब परिणाम से ही उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के बुरे दिन चल रहे हैं। अब तक ठाकरे गुट के कई दिग्गज नेता एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो चुके हैं। वहीं बुधवार को पूर्व विधायक निर्मला गावित को शिवसेना में शामिल कर एकनाथ शिंदे ने उद्धव ठाकरे को तगड़ा झटका दिया है। शिससेना ने खुलासा किया कि नासिक जिले की पूर्व विधायक निर्मला गावित के साथ ठाकरे गुट की कई पदाधिकारी और इगतपुरी और त्र्यंबकेश्वर तालुका की 1000 महिला कार्यकर्ता बुधवार को एकनाथ शिंदे की शिवसेना पार्टी में शामिल हो गईं हैं।

निर्मला गावित के शिवसेना में शामिल होने के अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "शिवसेना में नए सदस्यों का आना महायुति सरकार के बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाता है। हमारी सरकार काम कर रही है और लोगों की सेवा कर रही है लोग ये महसूस कर रहे हैं।"
कौन हैं निर्मला गावित
निर्मला गावित नासिक के इगतपुरी की पूर्व विधायक हैं और 2019 में कांग्रेस छोड़ उद्धव ठाकरे की शिवसेना में शामिल हो गई थीं। ठाकरे की शिवसेना में निर्मला गावित को लाने वाले एकनाथ शिंदे ही थे। निर्मला गावित दिवंगत केंद्रीय मंत्री माणिकराव गावित की बेटी हैं और इगतपुरी से दो बार विधायक रह चुकी हैं।
शिंदे की शिवसेना में शामिल होने पर क्या बोलीं- निर्मला गावित?
पूर्व विधायक निर्मला ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने के बाद कहा, "मैं वर्ष 2019 में एकनाथ शिंदे के मार्गदर्शन में कांग्रेस छोड़ शिवसेना में शामिल हुई थी। अब शिवसेना का नेतृत्व बदल गया है।" उन्होंने कहा, " मैं लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए एकनाथ शिंदे के प्रतिनिधित्व वाली शिवसेना में शामिल हो रही हूं।
महाराष्ट्र चुनाव से पहले बढ़ी महायुति की ताकत!
बता दें महाराष्ट्र में मुंबई समेत प्रमुख शहरों में होने वाले नगर निगम चुनाव नजदीक आ रहे हैं, जिसके चलते सभी राजनीतिक दलों में तैयारियां तेज हो गई हैं। विधानसभा चुनावों में महायुति में बड़ी जीत हासिल की है, जिसके बाद भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजीत पवार की एनसीपी वाला महायुति गठबंधन निकाय चुनाव में परचम लहराने के लिए बेकरार है। महाराष्ट्र निकाय चुनाव से पहले पूर्व विधायक निर्मला गावित उनके समर्थकों शिवसेना में शामिल होना उद्धव ठाकरे की पार्टी के लिए तगड़ा झटका माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications