महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना की बीच क्या चल रहा है? सीएम एकनाथ शिंदे के बेटे की सीट पर सहयोगी ने किया दावा
महाराष्ट्र में भाजपा और शिवसेना गठबंधन की सरकार है। लेकिन, इन दलों के भीतर भी खूब राजनीति हो रही है। वैसे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच अच्छा तालमेल नजर आता है, लेकिन इनकी पार्टियों के नेताओं में कई मुद्दों पर गहरे मतभेद उभरने लगे हैं।
हाल ही में मुंबई से सटे ठाणे की लोकसभा सीटों को लेकर बीजेपी-शिवसेना के बीच विवाद शुरू हो चुके हैं। गौरतलब है कि ठाणे को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का गढ़ माना जाता है। हाल ही में शिंदे की शिवसेना की ओर से कहा गया था कि कल्याण और ठाणे लोकसभा सीटों से लोकसभा का चुनाव वही लड़ेगी।

ठाणे को लेकर बीजेपी-शिवसेना में ठनेगी?
लेकिन, बीजेपी एमएलए संजय केलकर ने पूरे ठाणे और पालघर जिलों की सीटों पर पार्टी का दावा ठोक दिया और शिवसेना की ओर से इसको लेकर की गई घोषणा पर सवाल खड़े कर दिए है। बड़ी बात ये है कि बीजेपी विधायक ने यह बयान सीएम शिंदे के शहर ठाणे में आयोजित बीजेपी के एक कॉन्क्लेव में दिया, जहां पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कैबिनेट मंत्री भी मौजूद थे।
'यहां बीजेपी के अलावा कोई नहीं जीत सकता'
केलकर ने मुख्यमंत्री और उनके बेटे और कल्याण लोकसभा सीट से सांसद श्रीकांत शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा, 'हमारे जिले के कई लोग, हमारे सहयोगी भी, 2014 से बीजेपी की लहर की वजह से जीतते हैं। हमने यहां जमीन पर जितना काम किया है उसके कारण यहां बीजेपी के अलावा कोई नहीं जीत सकता है। केवल ठाणे और कल्याण ही नहीं, बल्कि पूरा जिला और पालघर भी रामभाऊ म्हालगी और राम कापसे के समय से हमारा है।'
ऐसा लगता है कि वह गलत धारणा पाल बैठे हैं-बीजेपी विधायक
उन्होंने कहा कि 'मैं हैरान हो जाता हूं जब लोग ठाणे की सीटों के ऊपर अधिकार से दावा करने लगते हैं। ऐसा लगता है कि वह गलत धारणा पाल बैठे हैं कि वह पीएम मोदी को फिर से चुनने के लिए काम कर रहे हैं। लेकिन, यह समझ पाने में नाकाम रह गए हैं कि बीजेपी कार्यकर्ता ही हैं जो (उनकी सरकार की) पहल को लोगों के बीच ले जा रहे हैं।'
भाजपा नेताओं ने केलकर के बयान से नहीं किया किनारा
दिलचस्प बात ये है कि बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने न तो इसपर कोई स्पष्टीकरण देने की कोशिश की और न ही, इसे हल्का करने का ही प्रयास किया है। अलबत्ता सीएम शिंदे की पार्टी की ओर से यह जताने की कोशिश जरूर की गई है कि वह भाजपा विधायकों की बातों को तबज्जो नहीं देना चाहते।
फिलहाल शिवसेना टकराव को टालने की कोशिश में है
मुख्यमंत्री शिंदे के बेटे की सीट को लेकर शिवसेना के प्रवक्ता नरेश म्हस्के ने कहा, 'महत्वपूर्ण बात ये है कि सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फडणवीस जैसे नेता एकसाथ हैं और गठबंधन को बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत बावनकुले भी पक्का कर चुके हैं। एक नौजवान को हतोत्साहित करने की जगह, हमें यह देखना चाहिए कि वह कितना अच्छा और रचनात्मक कार्य कर रहा है।'












Click it and Unblock the Notifications