VIDEO: फ्लेटफॉर्म पर सो रहे थे लोग, हटाने के लिए सुरक्षाकर्मी ने उनके ऊपर डाल दिया पानी
पुणे रेलवे स्टेशन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहां पर बहुत से यात्री प्लेटफॉर्म पर ही सो रहे थे, तभी एक सुरक्षाकर्मी वहां पहुंचा और उसने ऐसी हरकत की, जिसे देखकर लोग भड़क गए।
सुरक्षाकर्मी ने लोगों को उठाने के बजाए उनके ऊपर पानी डालना शुरू कर दिया। पहले उसने एक युवक पर पानी डाला, जिससे वो उठकर बैठ गया। इसके बाद उसने एक बुजुर्ग पर पानी डाला। फिर उसने आगे सो रहे लोगों के साथ भी ऐसी ही हरकत की।

वहां मौजूद सभी लोग मिडिल क्लास और गरीब परिवार से थे, ऐसे में किसी ने उसका विरोध नहीं किया। हालांकि एक शख्स ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।
जमकर हो रही आलोचना
एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि ये जवान खुद मिडिल क्लास से आया होगा। जब नौकरी नहीं रही होगी, तो ये भी प्लेटफॉर्म पर ही सोता होगा, लेकिन अब नौकरी आ गई तो रौब दिखा रहा। इसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। एक अन्य ने लिखा कि मानवता खत्म हो चुकी है। इन जैसों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
बहुत से लोगों ने सरकार को और ज्यादा वेटिंग रूम बनाने की सलाह दी। साथ ही कहा कि अगर ढंग का वेटिंग रूम होता, तो वहां पर कोई भी नहीं सोता। किसी को भी प्लेटफॉर्म पर सोना पसंद नहीं, सबकी मजबूरी होती है।
रेलवे ने क्या कहा?
वहीं जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, लोगों ने रेलवे के ट्विटर हैंडल को टैग करना शुरू कर दिया। इस पर रेल सेवा ने डीआरएम पुणे को मामले में जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
कुछ देर में डीआरएम पुणे ने ट्वीट कर लिखा कि प्लेटफॉर्म पर सोने से दूसरों को असुविधा होती है, लेकिन जिस तरह से जवान ने लोगों को उठाया, वो यात्रियों को वहां से हटाने का उपयुक्त तरीका नहीं है। संबंधित कर्मचारियों को यात्रियों के साथ गरिमा, विनम्रता और शालीनता से पेश आने की उचित सलाह दी गई है। इस घटना पर बेहद अफसोस है।












Click it and Unblock the Notifications