मुंबई में कोरोना मरीजों से अटे अस्पताल, दो फाइव स्टार होटलों में शुरू हुआ इलाज
मुंबई, 15 अप्रैल: देश में कोरोना महामारी ने विकराल रूप ले लिया है, जहां गुरुवार को सारे रिकॉर्ड टूट गए और 2 लाख से ज्यादा मरीज पॉजिटिव पाए गए। आने वाले दिनों में ये संख्या और बढ़ सकती है। मौजूदा वक्त में महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहां पर अब अस्पतालों में बेड, दवाइयां और ऑक्सीजन कम पड़ गए हैं। जिस वजह से सरकार और बीएमसी ने एक अहम फैसला लिया है, जिसके तहत अब राजधानी मुंबई के फाइव स्टार होटलों में भी कोरोना मरीजों का इलाज किया जाएगा।

Recommended Video
बीएमसी अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि शहर के दो पांच सितारा होटलों को निजी अस्पतालों के तौर पर इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी गई है। इन दोनों में 42 बेड उपलब्ध होंगे। अभी इन होटलों में उन मरीजों का इलाज होगा, जिनको हल्के लक्षण हैं, लेकिन इससे पहले डॉक्टरों से सलाह लेनी जरूरी होगी। इन होटलों में बीएमसी की ओर से राउंड द क्लॉक डॉक्टर, चिकित्साकर्मी और एंबुलेंस की व्यवस्था की जा रही है, जो आज यानी गुरुवार से काम करने लगेंगे।
बीएमसी ने अपने आदेश में इन होटलों का रेट भी तय कर दिया है। जिसके तहत एक दिन का 4000 रुपये लिया जाएगा, जिसमें बेड के साथ खाने का भी चार्ज शामिल होगा। वहीं जो दवाइयां, ऑक्सीजन आदि लगेगा उसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना होगा। अगर एक ही परिवार के दो लोग पॉजिटिव हैं, तो वो ट्विन शेयरिंग कर सकते हैं, जिसके लिए एक दिन का चार्ज 6000 रुपये होगा। आने वाले दिनों में अन्य होटलों को भी इसमें जोड़ा जाएगा।
278 मरीजों की मौत
महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 58,952 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही 278 मरीजों की मौत हुई है। जिस वजह से मुंबई के 98 प्रतिशत आईसीयू बेड्स और वेंटिलेटर भर गए हैं। बीएमसी के मुताबिक उनकी योजना अभी 2000 और बेड्स को बढ़ाने की है। इसमें आईसीयू के अलावा ऑक्सीजन बेड्स भी शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications