संजय राउत का बड़ा बयान, जब जेल जाएंगे बीजेपी के नेता तो कोई रोने वाला नहीं होगा
मुंबई, नवंबर 07। शिवसेना सांसद संजय राउत ने बीजेपी पर बहुत बड़ा हमला बोला है। रविवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने बीजेपी को बाहरी करार दिया। उन्होंने कहा कि ये भाजपा के बाहरी लोग यहां आकर धमकी देते हैं कि मैं उसको जेल में डालूंगा, मैं पूछना चाहता हूं कि आप जेल के मालिक बन गए हैं या फिर जेल की चाबी आपके पास है? संजय राउत ने कहा कि बीजेपी के लोग कहते हैं कि अब उसका नंबर है, आपका भी नंबर आएगा, नंबर सबका आएगा। जब आपका नंबर आएगा तब आपके लिए रोने वाला कोई नहीं होगा।

संजय राउत का बयान किरीट सौमैया के लिए था?
आपको बता दें कि संयज की ये बड़ी प्रतिक्रिया बीजेपी के नेता किरीट सौमैया पर पलटवार के रूप में देखी जा रही है। हालांकि संजय राउत ने किसी का नाम नहीं लिया है। दरअसल, किरीट सौमैया ने अनिल देशमुख की गिरफ्तारी के बाद कहा था कि ईडी ने देशमुख को गिरफ्तार कर लिया है। अब देखना उनका बेटा, दामाद और दूसरे नेताओं का नंबर आएगा, जिनके पास वसूली का पैसा जाता था।
1 नवंबर को गिरफ्तार हुए थे अनिल देशमुख
आपको बता दें कि महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख की 1 नवंबर को गिरफ्तारी हुई थी। करीब 12 घंटे तक उनसे पहले तो ईडी के दफ्तर में पूछताछ हुई थी। उसके बाद CBI के द्वारा दर्ज प्राथमिकी के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद शनिवार को अनिल देशमुख की PMLA कोर्ट के समक्ष पेशी हुई थी, जहां उन्हें कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। अनिल देशमुख पर 100 करोड़ रुपये की जबरन वसूली करने के आदेश देने के आरोप लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications