'दशरथ मांझी के परिवार को मदद की सख्त जरूरत', सोनू सूद ने ट्विटर पर कहा- आज ही हो जाएगा
मुंबई। ट्विटर पर मददगार के तौर पर एक्टर सोनू सूद लॉकडाउन में काफी नाम कमा चुके हैं। प्रवासी मजदूरों को घर भिजवाने के बाद भी सोनू सूद मदद करने का सिलसिला जारी रखे हुए हैं। बिहार के माउंटेन मैन दशरथ मांझी के परिवार की आर्थिक तंगी की खबर सोनू सूद तक पहुंची तो उन्होंने ट्विटर पर उन तक भी सहायता पहुंचाने का भरोसा दिया। एक यूजर ने 'माउंटेन मैन का परिवार आर्थिक तंगी का शिकार' खबर को ट्वीट कर सोनू सूद से इस बारे में कुछ करने को कहा तो उस पर एक्टर ने वहीं जवाब दिया।

सोनू सूद ने दिया ये जवाब
अंकित राजगढ़िया नाम के यूजर ने सोनू सूद को ट्विटर पर लिखा था कि दशरथ मांझी के परिवार को मदद की सख्त जरूरत है। इस खबर को देखकर सोनू सूद ने जवाब देते हुए लिखा- आज से तंगी खत्म, आज ही हो जाएगा भाई। सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर दशरथ मांझी के परिवार तक सहायता पहुंचाने का भरोसा दिलाया। लोगों को इस बात का इंतजार रहेगा कि आखिर दशरथ मांझी के परिवार के लिए सोनू सूद क्या करते हैं?
आर्थिक तंगी झेल रहा दशरथ मांझी का परिवार
गया का गेहलौर दशरथ मांझी की वजह से जाना जाता है। लॉकडाउन के बाद दशरथ मांझी का परिवार आर्थिक तंगी झेल रहा है। उनके बेटे भागीरथ मांझी का कहना है कि उनके पिता पर बनी फिल्म की रॉयल्टी उनको आज तक नहीं मिली। सरकार से जो मदद मिलती थी, वह भी बंद हो चुकी है। उनको आज तक एक इंदिरा आवास नहीं मिला। बरसात में उनकी फूस की झोपड़ी भी रहने लायक नहीं बची है। लॉकडाउन के बाद परिवार के कमाने वाले लोगों का रोजगार भी छिन गया है।
वहीं, दशरथ मांझी के परिवार की एक बच्ची दुर्घटना में घायल हो गई। उसके हाथ-पैर टूट गए। उसके इलाज में परिवार को हजारों रुपए का कर्ज लेना पड़ा है। परिवार का कहना है कि अब उनके पास इलाज कराने के लिए भी पैसे नहीं बचे हैं। ऐसे में परिवार ने नीतीश सरकार से मदद की गुहार लगाई है। जन अधिकार पार्टी के मुखिया पप्पू यादव ने दशरथ मांझी के परिवार तक 25 हजार रुपए की मदद पहुंचाई है।












Click it and Unblock the Notifications