एक स्कूटर पर बैठकर निकले 6 दोस्त, आखिरी वाला दोस्त के कंधे पर बैठा, वीडियो वायरल
मुंबई, 23 मई: मुंबई से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें छह लड़के एक ही स्कूटर पर बैठकर घूम रहे हैं। पांच लड़के तो स्कूटर की सीट पर बैठे हैं और छठां जगह ना बचने पर अपने दोस्त के कंधे पर सवार है। वायरल वीडियो अंधेरी वेस्ट में स्टार बाजार के पास लिंक रोड का बताया गया है। इस वीडियो को सड़क पर मौजूद एक दूसरे कार सवार ने बनाया है। वीडियो की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा है।

रमनदीप सिंह होरा नाम के एक यूजर ने रविवार को ट्विटर पर ये वीडियो शेयर किया है। उन्होंने मुंबई पुलिस कमिश्नर और मुंबई ट्रैफिक पुलिस को टैग करते हुए लिखा- फुकरापंती की हद हो गई है, एक स्कूटर पर 6 लोग सवार हैं। इस वीडियो पर काफी लोगों ने कमेंट करते हुए इन लड़कों पर कार्रवाई की बात कही है। कई यूजर्स ने लिखा है कि ये लोग ना सिर्फ खुद हादसे का शिकार होंगे बल्कि इनकी वजह से किसी दूसरे को भी चोट लग सकती है।
ये वीडियो रेड लाइट पर बनाया गया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि स्कूटर पर 18-20 साल की उम्र के 6 लोग बैठे हुए हैं। जो हर नियम की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इनमें पांच तो किसी तरह से सीट पर आ गए हैं लेकिन आखिरी वाला दोस्त के कंधे पर सवार है जो कि निश्चित ही किसी हादसे को दावत देने जैसा है।
मुंबई ट्रैफिक पुलिस की निगाह में भी ये वीडियो आ गया है। ट्विटर पर मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि वो इस स्कूटर पर सवार इन लड़कों की जानकारी जुटा रहे हैं। उन्होंने इलाके के पुलिस अफसर को इसके बारे में इत्तला कर दिया है, उन्होंने भी इसकी जांच शुरू कर दी है। इन लड़कों का पता मिलते ही ट्रैफिक पुलिस इन पर कार्रवाई कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications