'वो दिन दूर नहीं, जब उद्धव ठाकरे रात के अंधेरे में देश छोड़कर जाएंगे', शिंदे गुट के नेता ने क्यों कहा ऐसा?
Uddhav Thackeray: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में मिली करारी हार के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं के एक वर्ग द्वारा महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के तहत कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एसपी) के साथ पार्टी के गठबंधन जारी रखने पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं कांग्रेस खेमे में भी यूबीटी को लेकर ऐसा ही कहा जा रहा है। इसी बीच एकनाथ शिंदे गुट के नेता रामदास कदम ने शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे को लेकर बड़ा बयान दिया है।
शिंदे गुट के नेता रामदास कदम ने कहा है कि 'आने वाले वक्त में अब वो दिन दूर नहीं है, जब उद्धव ठाकरे रात के अंधेरे में परिवार को साथ लेकर देश छोड़कर जाएंगे।' रामदास कदम ने महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों के बाद ईवीएम पर उठाए सवाल को लेकर भी निशाना साधा है।

रामदास कदम बोले- उद्धव ठाकरे ने बाल ठाकरे की विचारधारा का अपमान किया
रामदास कदम ने कहा कि उद्धव ठाकरे ने शिवसेना संस्थापक बाल ठाकरे की विचारधारा का अपमान किया है। रामदास कदम ने महाराष्ट्र चुनाव में ईवीएम के जरिए बेईमानी के आरोप पर भी विपक्ष पर निशाना साधा है। रामदास कदम ने कहा कि जब भी महाविकास अघाड़ी कोई चुनाव हारता है तो सबसे पहले वो ईवीएम पर इल्जाम लगा देता है। लेकिन इसी सिस्टम से वो दूसरे अन्य चुनाव में अच्छा परिणाम पाते हैं तो वहां चुप हो जाते हैं। ये ईवीएम पर आरोप लगा कर महाराष्ट्र की जनता को सिर्फ भटकाना चाहते हैं।
MVA गठबंधन में कैसी है स्थिति?
महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन में शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी में मतभेद देखने को मिल रहा है। हालांकि कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा है कि इस मुद्दे पर फाइनल फैसला केंद्रीय पार्टी नेतृत्व पर निर्भर करेगा।
वरिष्ठ राज्य कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा, ''हमारे कई कार्यकर्ताओं ने भी स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की है। हालांकि, ये व्यक्तिगत राय है और पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं है। हम इन (विधानसभा) चुनावों के परिणामों का विश्लेषण कर रहे हैं और नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद अपनी आगे की कार्रवाई के बारे में फैसला करेंगे।''
एनसीपी (सपा) नेताओं ने इस मुद्दे पर कोई भी टिप्पणी करने से परहेज करते हुए चुप्पी साध ली। शिवसेना (यूबीटी) नेता और राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने गुरुवार को फिर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पर 'अति आत्मविश्वास' का आरोप लगाया और दावा किया कि उसके नेता चुनाव होने से पहले ही मंत्री पद पर चर्चा कर रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications