राम मंदिर के लिए खरीदी गई जमीन में कथित घोटाले की जांच के लिए CBI और ED उपयुक्त- संजय राउत
मुंबई, जून 25। शिवसेना सांसद संजय राउत ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए खरीदी गई जमीन में कथित घोटाले में सीबीआई और ईडी से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि सीबीआई और ईडी इस मामले की जांच करने के लिए उपयुक्त हैं। संजय राउत ने ये प्रतिक्रिया महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के घर पर शुक्रवार को हुई ईडी की छापेमारी के बाद दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को एक प्रस्ताव पारित कर इन एजेंसियों द्वारा जमीन मामले की जांच की मांग करनी चाहिए।

शुक्रवार को अनिल देशमुख के ठिकानों पर हुई छापेमारी
आपको बता दें कि नागपुर के सिविल लाइन स्थित पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख के घर पर ईडी की टीम ने छापेमारी की है। चार बड़े अधिकारी इस छापे में शामिल हैं। सुबह 8 बजे से छापे की कार्रवाई शुरू हुई है। छापे की कार्रवाई के दौरान घर के बाहर सीआरपीएफ पुलिस का कड़क बंदोबस्त है। ये छापेमारी 100 करोड़ वसूली प्रकरण में की गई है। इसी छापेमारी को लेकर संजय राउत मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसी दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
CBI और ED भाजपा के हैं कार्यकर्ता- संजय राउत
आपको बता दें कि हाल ही में भाजपा की महाराष्ट्र इकाई ने अपनी कार्यकारिणी की बैठक में डिप्टी सीएम अजीत पवार और शिवसेना की तरफ से मंत्री अनिल परब के खिलाफ सीबीआई और ईडी की जांच की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया था। इसको लेकर राउत ने कहा है कि ये दोनों केंद्रीय एजेंसियां आपकी (बीजेपी) पार्टी के कार्यकर्ता हैं या फिर आपकी आईटी सेल के सदस्य।
भाजपा ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के महत्व को किया कम- राउत
संजय राउत ने इस दौरान बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने CBI और ED के महत्व को कम कर दिया है, अब इन जांच एजेंसियों का इस्तेमाल सिर्फ राजनीतिक बदला लेने के लिए किया जाता है। राउत ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करना सही नहीं है। इसे रोकना चाहिए। जांच एजेंसियां अगर राष्ट्रीय सुरक्षा, राष्ट्रीय कोष को नुकसान, धनशोधन आदि के मामलों की जांच करें तो यह समझ में आता है। लेकिन आप इन एजेंसियों की छवि क्यों धूमिल कर रहे हैं?












Click it and Unblock the Notifications