Sharad pawar resigns: कौन होगा NCP में शरद पवार का उत्तराधिकारी? ये नाम हैं महत्वपूर्ण
Sharad pawar resigns:एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने पार्टी की अध्यक्षता छोड़ दी है। अब इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि वह बेटी को उत्तराधिकारी बनाएंगे या फिर अजित पवार को?

Sharad Pawar resigns: एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष पद छोड़ने का ऐलान करके महाराष्ट्र की राजनीति में खलबली मचा दी है। अब अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं कि मराठा नेता का उत्तराधिकारी उनके दल में से कौन हो सकता है?

कौन होगा शरद पवार का उत्तराधिकारी?
शरद पवार न सिर्फ एनसीपी के सर्वेसर्वा हैं, बल्कि महाराष्ट्र के मुख्य विपक्षी गठबंधन महा विकास अघाड़ी के भी सबसे बड़े कर्ताधर्ता हैं। अब सवाल है कि वह अपना उत्तराधिकारी किसे बना सकते हैं। क्योंकि, पवार का उत्तराधिकारी न सिर्फ एनसीपी के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि राज्य की विपक्षी राजनीति के लिए भी मायने रखती है।
दो प्रमुख दावेदार हो सकते हैं
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी राजनीति को समझने वाले जानते हैं कि पार्टी की गतिविधियों को लेकर पवार के परिवार में भी सभी कुछ सहज नहीं रहा है। प्राथमिक तौर पर उनके उत्तराधिकारी बनने के दो प्रमुख दावेदार माने जा सकते हैं।
सुप्रिया सुले या अजित पवार में से कौन मजबूत दावेदार?
पहली दावेदार एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले हैं, जो कि शरद पवार की इकलौती बेटी हैं। दूसरे दावेदार में एनसीपी के वरिष्ठ नेता और पवार के भतीजे अजित पवार का नाम लिया जा सकता है। लेकिन, अजित पवार की अपनी एक राजनीति रही है और पहले यह सार्वजनिक रूप से जाहिर हो चुका है कि चचेरी बहन सुप्रिया सुले से उनके सियासी ताल्लुकात सामान्य नहीं रहे हैं।
2019 में पवार के परिवार में दरार दिखी थी!
2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद जब अजित पवार ने अचानक बीजेपी के देवेंद्र फडणवीस के साथ उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, तभी पवार परिवार की दरार सार्वजनिक हो गई थी। सुप्रिया सुले ने उनकी हरकत को लेकर सार्वजनिक तौर पर नाखुशी भी जाहिर की थी।
अजित पवार लगातार अपनी महत्वाकांक्षा दिखा रहे हैं
यही नहीं, हाल के दिनों में भी अजित पवार ने जिस तरह से मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी महत्वाकांक्षा जाहिर की है और उसके बाद अचानक से पवार ने पार्टी के प्रमुख पद का पद छोड़ा है, उससे छोटे पवार की दावेदारी संदेह में पड़ती लग रही है।
अजित पवार को शरद ने प्रदेश में मौका दिया है
एक तथ्य ये भी है कि सुप्रिया सुले को शरद पवार ही राष्ट्रीय राजनीति में लेकर आए हैं। जबकि, अजित पवार को उन्होंने महाराष्ट्र में उनके बीजेपी के साथ जाने की भूल को नजरअंदाज करके भी उद्धव ठाकरे सरकार में डिप्टी सीएम बनने का मौका दिया था।
सुप्रिया सुले की दावेदारी भाई अजित पवार पर पड़ सकती है भारी!
पवार के परिवार के इस राजनीतिक बैकग्राउंड को देखते हुए फिलहाल यही लगता है कि अगर शरद पवार पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर परिवार के किसी सदस्य को आशीर्वाद देना चाहेंगे तो वह उनकी बेटी सुप्रिया सुले ही हो सकती हैं। वैसे भी अजित पवार ने राष्ट्रीय राजनीति में कभी कोई खास दिलचस्पी नहीं जाहिर की है।
Recommended Video
वैसे, शरद पवार बहुत ही मंजे हुए राजनेता हैं और उनका अंतिम फैसला क्या होगा, यह बहुत बड़ा सवाल है। हालांकि, फिलहाल उनके फैसले से महाराष्ट्र की राजनीति में एक नया मोड़ जरूर आ गया है।












Click it and Unblock the Notifications