Mumbai Accident: हादसे में घायलों को लेने आई एंबुलेंस में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत
मुंबई पुलिस के मुताबिक, चार कारों और एक एंबुलेंस के बीच टक्कर होने से ये हादसा हुआ।
मुंबई, 5 अक्टूबर: विजयदशमी के दिन महाराष्ट्र के मुंबई से एक बेहद दर्दनाक खबर आई है। मुंबई के बांद्रा वर्ली सी लिंक में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें अभी तक 5 लोगों की मौत की खबर है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, चार कारों और एक एंबुलेंस के बीच टक्कर होने से ये हादसा हुआ। पांच लोगों की मौत के अलावा इस हादसे में 13 लोगों के घायल होने की भी खबर है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीएम मोदी ने जताया हादसे पर दुख
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से ट्वीट किया गया, 'मुंबई में बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर हुए हादसे में लोगों की मौत से बेहद आहत हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि हादसे में घायल हुए लोग जल्द से जल्द ठीक हों।'
तेज रफ्तार कार ने मारी एंबुलेंस को टक्कर
बताया जा रहा है कि बांद्रा-वर्ली सी लिंक पर इससे पहले एक एक्सीडेंट हुआ और घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए एक एंबुलेंस, एक कार और कुछ अन्य वाहन रोड पर एक तरफ खड़े थे। तभी एक तेज रफ्तार कार आई और एंबुलेंस के अलावा तीन अन्य कारों को टक्कर मारी। इस टक्कर में वो कार भी शामिल थी, जिसका इससे पहले एक्सीडेंट हुआ था।
हादसे की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। घायल लोगों में कई की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते बांद्रा से वर्ली जाने वाला रोड बंद कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications