सलमान खान कब से संघ के स्वयंसेवक बन गए? भाईजान के RSS समारोह में शामिल होने पर संजय राउत ने कसा तंज
मुंबई में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह को लेकर जमकर बयानबाजी हो रही है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी समारोह के तहत मुंबई में आयोजित इस आयोजन में कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुईं थीं लेकिन बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने इस कार्यक्रम में शिरकत करके सबको हैरान कर दिया है।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने सलमान खान की इस कार्यक्रम में मौजूदगी पर सवाल खड़े किए हैं। इसके साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे प्रहार किए।

सलमान खान कब से संघ के स्वयंसेवक बन गए?
शिवसेना (यूबीटी) नेता राउत ने संघ के मंच पर मेहमानों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने जानना चाहा कि सलमान खान को शताब्दी कार्यक्रम में क्यों बुलाया गया, व्यंग्य करते हुए कहा, "सलमान खान कब से संघ के स्वयंसेवक बन गए?" राउत ने यह तंज भी कसा कि मोदी सरकार के बाद अब लोग कहने लगे हैं, "चले जाओ, झंझट क्यों लेना।
अदनान सामी को लेकर भी संजय राउत ने जताई आपत्ति
राउत ने कार्यक्रम में गायक अदनान सामी की उपस्थिति पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान से भारत आए अदनान सामी के पिता पाकिस्तानी वायुसेना में थे जिन्होंने भारत के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी. उन्होंने आगे दावा किया कि समारोह में ऐसे कई चेहरे भी मौजूद थे, जिनका संबंध कथित तौर पर 'पोर्न इंडस्ट्री' से रहा है.
राउत ने पूछा- क्या शाहरुख खान देशभक्त नहीं हैं?
इसके साथ ही, संजय राउत ने शाहरुख खान की अनुपस्थिति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि वह कार्यक्रम में शाहरुख खान को तलाश रहे थे, लेकिन उन्हें वहां नहीं बुलाया गया। राउत ने पूछा, "क्या शाहरुख खान देशभक्त नहीं हैं?" उन्होंने जावेद अख्तर के भी कार्यक्रम में न दिखने पर आश्चर्य व्यक्त किया, जबकि उनके परिवार ने देश के लिए बलिदान दिया है।
संघ प्रमुख ने बताया कौन हैं हिंदू?
हालांकि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने इस कार्यक्रम में अपने संबोधन में 'हिंदू' शब्द की व्याख्या पेश की। उन्होंने कहा कि भारत में 'हिंदू' ही हैं, लेकिन उनके अनुसार यह किसी खास रस्म, प्रार्थना या समुदाय से जुड़ा धर्म नहीं है, बल्कि एक व्यापक राष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है।
भागवत ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ न तो किसी का विरोधी है और न ही उसे सत्ता या शक्ति पाने की कोई इच्छा है। उन्होंने बताया कि संघ भले ही सीधे तौर पर राजनीति में न हो, पर उसके कुछ स्वयंसेवक सक्रिय रूप से इसमें शामिल हैं।
मोदी के राज में आज भारत अमेरिका का गुलाम बन गया है'
संजय राउत ने बीजेपी और पीएम मोदी पर तंज़ कसते हुए आरोप लगाया कि "मोदी के राज में आज भारत अमेरिका का गुलाम बन गया है। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी संघ और सरसंघचालक मोहन भागवत पर डालते हुए कहा कि "आज सरकार ने अमेरिका को देश गिरवी रख दिया है। राउत ने मोहन भागवत से यह भी पूछा कि सरकार वीर सावरकर को भारत रत्न क्यों नहीं दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications