Maharashtra BJP President: रवींद्र चव्हाण बने महाराष्ट्र भाजपा के नए अध्यक्ष, पद संभालते के बाद क्या बोले?
Maharashtra BJP President: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई का अध्यक्ष चुना गया है। सर्वसम्मति से रविंद्र चव्हाण की इस पद नियुक्ति की गई है। ये नियुक्ति आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनज़र महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रविंद्र चव्हाण, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के करीबी माने जाते हैं।
रवींद्र चव्हाण के नाम की घोषणा मुंबई के वर्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार ने इस मौके पर कहा, "रवींद्र चव्हाण विरोधियों का 'तेरहवां' करेंगे, वे तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक विपक्ष का 'बारह' नहीं बजा देते।"

रवींद्र चव्हाण भाजपा के 12वें प्रदेश अध्यक्ष हैं
भाजपा अध्यक्ष बनने पर रवींद्र चव्हाण ने कहा कि वे 25 साल पहले भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जुड़े थे। उन्होंने कहा, "हमारी विचारधारा गंगा के समान पवित्र और प्रवाही है। 'हिंदुत्व ही राष्ट्रत्व है', यह विचार देने वाली इस गंगा ने मुझे अपने मुख्य प्रवाह में स्थान दिया। इस विचारधारा ने मुझे सामाजिक चेतना दी, जीवन की राह में मार्गदर्शन और उद्देश्य दिया, और जीने की दिशा दिखाई। मैं अपने अनुभव से कह सकता हूं कि अगर हर कार्यकर्ता विचारधारा की रक्षा करेगा, तो वही विचारधारा उसकी रक्षा करेगी।"
चव्हाण ने आगे कहा, "पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का अमूल्य साथ, और जनता का आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। इन्हीं के प्रेम और विश्वास की पूंजी के बल पर मैं प्रदेशाध्यक्ष का दायित्व स्वीकार कर रहा हूं। आगे के इस सफर में भी आप सभी का स्नेह, विश्वास और अपनापन अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।"
उन्होंने यह भी कहा, "आज भारतीय जनता पार्टी का एक साधारण कार्यकर्ता महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष पद तक पहुंच सकता है - यही संगठन की असली ताकत है। यह ताकत बीजेपी के हर कार्यकर्ता को मिले, इसके लिए मैं सदैव प्रयासरत रहूंगा - यह मेरा वचन है। मुझ पर विश्वास जताकर प्रदेशाध्यक्ष पद की ज़िम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित बीजेपी परिवार के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं!"
मुख्यमंत्री फडणवीस के करीबी हैं रवींद्र चव्हाण
रवींद्र चव्हाण को कट्टर सावरकर अनुयायी माना जाता है। उन्होंने मॉरिशस महाराष्ट्र मंडल में स्वतंत्रता सेनानी सावरकर की प्रतिमा स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे RSS और भाजपा की विचारधारा को मानने वाले रवीेद्र मुख्यमंत्री फडणवीस के करीबी माने जाते हैं।
रवींद्र चव्हाण के अनुभव और संगठन कौशल को देखते हुए, पार्टी को उनसे आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। 1 जुलाई 2025 को हुई इस घोषणा के बाद, भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और वे स्थानीय चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications