राज ठाकरे के अल्टीमेटम पर बोले रामदास आठवले, मस्जिद से लाउडस्पीकर हटाने आएं तो हम रक्षा करेंगे
मुंबई, 29 अप्रैल। मस्जिद पर लाउडस्पीकर को लेकर पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के मुखिया राज ठाकरे ने प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि 3 मई तक सभी मस्जिदों से लाउडस्पीकर को हटा लिया जाए। लेकिन राज ठाकरे के इस अल्टिमेटम से इतर केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले का कहना है कि वह मस्जिदों को संरक्षण देंगे। आठवले ने राज ठाकरे के बयान का विरोध करते हुए कहा कि मस्जिद से लाउडस्पीकर को हटाकर नया विवाद नही खड़ा करना चाहिए। अगर मस्जिद से कोई लाउडस्पीकर हटाने के लिए आता है तो मेरी पार्टी मस्जिदों को संरक्षण देगी और लाउडस्पीकर को हटाने का विरोध करेगी।

दरअसल रामदास आठवले रायगड जिले के खोपोली स्थित अंबेडकर संस्कार भवन का उद्घाटन करने के लिए पहुंचे ते, इस दौरान उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि मैं नरेंद्र मोदी के साथ हूं, मेरी पार्टी भी भाजपा के साथ है, मैं देवेंद्र फडणवीस के साथ हूं, मैंने कहा है कि लाउडस्पीकर को निकालने की बात मत करो, आप इसे लगाना चाहो तो लगा सकते हो, आप मंदिर में भी इसे लगा सकते हो, हनुमान चालीसा का पाठ कर सकते हो। किसी भी तरह के नए विवाद को पैदा करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
गौर करने वाली बात है कि महाराष्ट्र के अलावा उत्तर प्रदेश में भी लाउडस्पीकर को लेकर विवाद चल रहा है। कई मस्जिदों पर से लाउडस्पीकर को हटा भी लिया गया है। योगी आदित्यनाथ के इस फैसले की राज ठाकरे ने तारीफ भी की, उन्होंने कहा कि मैं योगी सरकार को इस काम के लिए बधाई देता हूं, उनका आभारी हूं, लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि महाराष्ट्र में कोई योगी आदित्यनाथ नहीं है। लेकिन यहां सभी भोगी है। बता दें कि यूपी में 21963 लाउडस्पीकरों को धार्मिक स्थल से उतरवा लिया गया है। जबकि 42332 जगहों पर लाउडस्पीकर की आवाज को धीमा कराया गया है। सरकार और का कहना है कि लोगों से बात करके यह काम किया गया है, प्रशासन ने धार्मिक गुरुओं से चर्चा के बाद ही यह अभियान चलाया और उन्होंने इसमे सहयोग दिया है।












Click it and Unblock the Notifications