राज ठाकरे ने डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की मुलाकात, महाराष्ट्र में क्या होने वाला है बड़ा खेला?
Raj Thackeray Meets Eknath Shinde: महाराष्ट्र की राजनीति हमेशा चौंकाती रही है। राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की है। यह मुलाकात शिंदे के सरकारी आवास, नंदनवन बंगले पर हुई, जहाँ शिंदे ने ठाकरे का सत्कार किया। इस बैठक ने राज्य की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दिया है।
याद रहे मुंबई महानगरपालिका चुनावों के बाद यह राज ठाकरे और एकनाथ शिंदे की पहली औपचारिक मुलाकात है, जिसने इस बैठक को विशेष महत्व दिया है। चुनावों के दौरान दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था।

गौरतलब है कि राज ठाकरे इस समय अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे के साथ गठबंधन में हैं, जबकि उद्धव की शिवसेना (यूबीटी) और एकनाथ शिंदे के बीच गहरी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता है मुंबई महानगरपालिका चुनाव अभियानों के दौरान, राज ठाकरे ने महायुति सरकार पर तीखे हमले किए थे।
मनसे ने इस चुनाव में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के साथ गठबंधन किया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली थी। वहीं ठाकरे की शिंदे से मुलाकात ने राजनीतिक पर्यवेक्षकों को चौंका दिया है।
राज ठाकरे और एकनाथ शिंंदे की पहले कब हुई थी मुलाकात?
कल्याण-डोंबिवली में महापौर चुनाव के बाद भी यह भेंट हुई। वहाँ एक नई राजनीतिक तस्वीर उभरी थी, जब राज ठाकरे की मनसे के स्थानीय नेताओं ने शिंदे गुट को महापौर पद के लिए समर्थन देकर सबको चौंका दिया। मनसे पार्षदों के समर्थन से शिंदे गुट का महापौर निर्वाचित हुआ। इस पर उद्धव ठाकरे की पार्टी (यूबीटी) भड़क उठी थी; उसने मनसे के स्थानीय पार्षदों के फैसले पर सवाल भी उठाए थे और इससे पहले अप्रैल 2025 में एकनाथ शिंदे ने राज ठाकरे से मुलाकात की थी। तब शिंदे ठाकरे के आवास पर गए थे और दोनों ने साथ में रात्रिभोज भी किया था।
क्या महाराष्ट्र में होने वाला है बड़ा खेला?
इस मुलाकात के बाद से राजनीतिक गलियारों में गरमागरम बहस छिड़ गई है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह भविष्य की किसी बड़ी राजनीतिक हलचल का संकेत है, या महाराष्ट्र में किसी नए राजनीतिक समीकरण की शुरुआत होने वाली है? शिंदे ने पहले भी ठाकरे से कई बार मुलाकात की है, लेकिन यह बैठक चुनाव के बाद की पहली होने के कारण विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस मुलाकात ने मनसे और शिंदे गुट की शिवसेना के बीच संभावित राजनीतिक गठजोड़ की अटकलों को फिर से गरमा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications