महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2019: जानिए कल्याण ईस्ट (पूर्व) विधानसभा सीट का हाल
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में चुनाव का ऐलान हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी यहां पर एक बार फिर सत्ता में आने के लिए प्रयासरत है। वहीं, कांग्रेस व एनसीपी कड़ी टक्कर देने में जुटी हैं। यहां किसकी जीत होगी, यह देखना दिलचस्प होगा। 288 विधानसभा सीटों पर हो रहे चुनावों पर हार जीत का फैसला जनता के हाथ में होगा। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में चुनाव होंने हैं। मतों की गिनती 24 अक्ट्रबर को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 में भारी बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सत्ता में वापसी के बाद यह पहला विधानसभा चुनाव है। आइए हम आपको महाराष्ट्र की कल्याण ईस्ट विधानसभा सीट के बारे में बताते हैं।

महाराष्ट्र में कल्याण लोकसभा सीट के तहत छह विधानसभा सीटें आती हैं जिनमें कल्याण पूर्व विधानसभा सीट भी एक है। अन्य लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में अंबरनाथ, उल्हासनगर, डोंबिवली, कल्याण ग्रामीण और मुंब्रा-कलवा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। महाराष्ट्र की कल्याण ईस्ट विधानसभा सीट पर पिछले 10 सालों से निर्दलीय उम्मीदवार का कब्जा है। विधानसभा चुनाव 2014 में शिवसेना उम्मीदवार बेहद कम वोटों से पिछड़ गया था। 2009 के विधानसभा चुनाव में कल्याण ईस्ट के मौजूदा विधायक गणपत कालू गायकवाड ने शिवसेना उम्मीदवार पुंडलिक बालू म्हात्रे को मात दी थी। इसके बाद 2014 के चुनाव में उन्होंने शिवसेना उम्मीदवार गोपाल रामचंद्र लांडगे को हराया। निर्दलीय उम्मीदवार गणपत कालू गायकवाड ने शिवसेना के गोपाल रामचंद्र लांडगे को 745 वोटों के अंतर से हराया। गणपत को 36357 और रामचंद्र को 35612 वोट मिले थे।
2014 विधानसभा चुनाव में खड़े हुए थे 23 उम्मीदवार
2014 के विधानसभा चुनाव में यहां से 23 उम्मीदवार मैदान में खड़े हुए थे। 45.23 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां कुल मतदाता 1,41,226 हैं, जिनमें 80,158 पुरुष, 61,064 महिलाएं और 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। कुल मतदान केंद्र 1053 हैं। पिछले लोकसभा चुनाव के बाद हुए हुए विधानसभा में मिलाजुला रुख रहा था। वहीं, स्थानीय निकाय के चुनावों में शिवेसना-बीजेपी की जीत का झंडा बुलंद रहा था। यहां के छह विधानसभा क्षेत्रों में शिवसेना और एनसीपी के दो-दो विधायक जीते हैं, जबकि बीजेपी का एक विधायक रवींद्र चव्हाण डोंबिवली से जीते। वे फडणवीस सरकार में राज्य मंत्री हैं। कल्याण पूर्व विधानसभा चुनाव में गणपत गायकवाड जीतकर आए, जो सरकार के साथ हो गए। स्थानीय निकायों की बात करें तो कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका पर शिवसेना-बीजेपी का झंडा बुलंद है, जबकि उल्हासनगर पर शिवसेना-बीजेपी और ओमी कलानी की सत्ता है। अंबरनाथ मनपा में शिवसेना की सत्ता है।
वोट बैंक का समीकरण
कल्याण में सिंधी समाज, मुस्लिम मतदाताओं और उत्तर भारतीय की संख्या ज्यादा है। इसके अलावा मराठा और सवर्ण समाज के लोगों का भी दबदबा है। आंकड़े बताते हैं कि उत्तर भारतीय और मुस्लिम समुदाय का वोट यहां निर्णायक साबित होता है।
लोकसभा चुनाव 2019 में क्या रहा कल्याण सीट का हाल
कल्याण लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र महाराष्ट्र में 48 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में से एक है। 2002 को गठित परिसीमन आयोग की सिफारिशों के बाद यह निर्वाचन क्षेत्र 2008 को अस्तित्व में आई। यहां पहली बार 2009 में संसदीय चुनाव लड़ा गया। लोकसभा चुनाव 2019 में महाराष्ट्र की कल्याण सीट से शिवसेना के डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे ने जीत दर्ज की है। डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे ने 559723 वोट पाकर जीत हासिल की है। वहीं, कांग्रेस के बाबाजी बालाराम पाटील दूसरे नंबर पर रहे हैं। बाबाजी बालाराम पाटील को 215380 वोट मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications