Whatsapp स्टेटस को लेकर युवती अपने परिवार के साथ गई दोस्त के घर लड़ने, कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या
पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोईसर थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। व्हाट्सऐप स्टेट्स की वजह से 48 वर्षीय महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक महिला की बेटी की मित्र के परिवार के सदस्यों ने कथित तौर पर मामूली विवाद में उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला की 20 साल की बेटी ने व्हाट्सऐप स्टेटस पर एक मैसेज शेयर किया था, जो उसके दोस्त को लगा कि उसके लिए लिखा गया है और वह इसके चलते इतनी भड़क गई कि उसने बदला लेने की ठान ली।

हालांकि पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में दो महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि 20 वर्षीय प्रीति प्रसाद (20) ने एक व्हाट्सएप स्टेटस डाला था जो उसके पड़ोस में रहने वाले 17 वर्षीय दोस्त को अच्छा नहीं लगा। किशोरी अपनी मां और भाई के साथ प्रीति से भिड़ने के लिए उसके घर गई। यह एक विवाद में बदल गया और इस दौरान लीलावती देवी प्रसाद को गंभीर चोट आ गई।
इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन शुक्रवार, 13 फरवरी को उसकी मौत हो गई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर, बोईसर पुलिस ने नाबालिग लड़की, उसकी मां, भाई और बहन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के लिए भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
बोईसर पुलिस स्टेशन के प्रमुख इंस्पेक्टर सुरेश कदम ने कहा, "मैं व्हाट्सएप स्टेटस का खुलासा नहीं कर सकता लेकिन नाबालिग को इसे व्यक्तिगत रूप से लेने की कोई जरूरत नहीं थी।" इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, नाबालिग लड़की को सुधार गृह भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications