'NO मराठी..', महिला का दावा- मुंबई के मुलुंड में सोसायटी ने फ्लैट देने से किया इनकार,रोते हुए वीडियो किया शेयर
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें एक महाराष्ट्रियन महिला रोती हुई नजर आ रही है। वीडियो में रोती हुई महिला का आऱोप है कि, महाराष्ट्र के मुलुंड में एक सहकारी आवास सोसायटी द्वारा कथित तौर पर उसे फ्लैट देने से इनकार कर दिया गया।
महिला का आऱोप है कि, उसके साथ बदसलूकी भी की गई है। पीड़ित महिला का कहना कि, इस घटना के बाद जब उनसे पुलिस को फोन लगाने की कोशिश की तो सोसायटी के पदाधिकारियों ने कथित तौर पर उसका फोन छीन लिया।

वीडियो में पीड़िता तृप्ति देओरुखकर ने कहा, मुंबई में महाराष्ट्रियों को कोई महत्व नहीं देता। तृप्ति ने कहा कि वह मुलुंड वेस्ट में शिव सदन नामक एक इमारत में गई थी। जिसके बारे में उसे ऑनलाइन पता चला था । मुझे एक ऑफिस स्पेस की तलाश थी। महिला ने कहा कि, मुझे नहीं पता था कि ये इलाका कैसा है।
वायरल वीडियो में तृप्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, हाउसिंग सोसाइटी के सचिव ने मुझे बताया कि महाराष्ट्रियों को वहां जाने की अनुमति नहीं है। जब मैंने उनसे सवाल किए और उनसे ऐसे किसी लिखित नियम की प्रति मांगी, तो उन्होंने मेरे साथ लड़ाई शुरू कर दी। महिला ने कहा कि, उन लोगों ने मुझे पुलिस के पास जाने के लिए कहा। इन लोगों में इतना अहंकार कहां से आ गया? आज महाराष्ट्र में वे महाराष्ट्रियों को यह बता रहे हैं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने कॉल करने की कोशिश की तो उस व्यक्ति ने मेरा फोन छीन लिया, जबकि उसके दो परिचित उसका सपोर्ट करने आए थे। जब यह सब हो रहा था, एक भी महाराष्ट्रीयन मेरी मदद के लिए आगे नहीं आया।
महिला का कहना है कि, मुझे सिर्फ गुजरातियों पर ही नहीं बल्कि सभी पर गुस्सा है। मैं यह नहीं कह रही हूं कि सभी गुजराती इस तरह का भेदभाव करते हैं। लेकिन मुझे यकीन है कि मुलुंड वेस्ट में इस सोसायटी की तरह अन्य हाउसिंग सोसायटी भी होंगी, जिन्होंने ऐसे नियम बनाए होंगे और मेरे जैसे कई लोगों को इस तरह के अपमान का सामना करना पड़ा होगा।
इस घटना ने मराठी समुदाय में काफी हलचल देखने को मिली है। महाराष्ट्रीयन लोगों ने अन्य समुदाय के लोगों द्वारा फ्लैट देने से इनकार करने के अधिकार पर सवाल उठाए हैं। इस घटना के सामने आने के बाद महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग ने सहकारी आयुक्त, महाराष्ट्र राज्य, पुणे और प्रमुख सचिव, आवास विभाग, महाराष्ट्र राज्य, मंत्रालय से इस पर जांच करने और रिपोर्ट देने को कहा है। संबंधित थाने को घटना की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिये गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications