Maharashtra: अजित पवार ने जाहिर की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा, कहा- 2024 का इंतजार क्यों, मैं आज भी दावेदार
NCP leader Ajit Pawar ने मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि वो अभी भी सीएम पद के दावेदार हैं।

महाराष्ट्र में राजनीतिक संकट तो टल गया है, लेकिन एनसीपी नेता अजित पवार के बयान से एक बार फिर सियासी गलियारों में हलचल मची है। उन्होंने एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जाहिर की।
दरअसल अजित पवार पुणे के पिंपरी चिंचवाड़ में मराठी अखबार सकाल के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। पवार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई, लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जैसे दिग्गज नेता बीजेपी में रहे, जो चीज उनके नेतृत्व में मुमकिन नहीं हुई, वो मोदी के नेतृत्व में हुई।
उन्होंने साफतौर पर कहा कि 2014 और 2019 की जीत पीएम मोदी की वजह से मिली। इसके अलावा 1984 के बाद पहली बार 2014 में पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनी। मनमोहन सिंह जब दो बार प्रधानमंत्री बने थे, तो उन्हें दूसरे दलों का सहारा लेना पड़ा था, लेकिन नरेंद्र मोदी ने एक बड़ा करिश्मा कर दिखाया। पीएम मोदी के अलावा दूसरा चेहरा नहीं दिखता है।
सीएम पद पर कही ये बात?
वहीं जब मुख्यमंत्री पद का सवाल उनसे पूछा गया, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वो सीएम बनना चाहते हैं, इसके लिए 2024 का इंतजार क्यों? वो अभी भी सीएम पद के दावेदार हैं। वहीं 2004 के चुनाव में एनसीपी की कांग्रेस से ज्यादा सीटें आई थीं, फिर भी एनसीपी को सीएम का पद नहीं मिला, इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कई बार बड़े फैसले हाईकमान लेता है, ऐसे में वो जो कहते हैं वो मानना पड़ता है।
पवार के मुताबिक एनसीपी को 2004 में 71 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस 69 पर ही थी। सब मान रहे थे कि एनसीपी का सीएम बनेगा, लेकिन ऊपर बैठे नेताओं ने फैसला लिया और उनको बताया गया कि फिर से पार्टी के पास डिप्टी सीएम का पद आएगा। जिस वजह से आरआर पाटिल उपमुख्यमंत्री बने।












Click it and Unblock the Notifications