नवी मुंबई महानगरपालिका चुनाव से पहले भाजपा में छिड़ी अंदरूनी जंग, किस पार्टी को होगा लाभ?
Navi Mumbai Municipal elections 2026: मुंबई में भाजपा और शिंदे सेना ने मिलकर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है, जबकि मुंबई के पड़ोसी नवी मुंबई में दोनों 'एकला चलो रे' का नारा दे रहे हैं। भाजपा के पास गणेश नाइक और मंदा म्हात्रे जैसे अनुभवी विधायक हैं, वहीं शिंदे सेना का भी इस क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है।
वहीं नवी मुंबई महानगरपालिका चुनावों से पहले भाजपा में अंदरूनी कलह खुलकर सामने आई है। टिकट बंटवारे से पनप रहा यह असंतोष आगामी चुनावों में शिंदे सेना को सीधा लाभ पहुंचा सकता है। गणेश नाइक के समर्थकों को प्राथमिकता मिलने से मंदा म्हात्रे गुट में भारी बेचैनी देखी जा रही है।

भाजपा से क्यों नाराज हुए कार्यकर्ता?
भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की सूची घोषित होते ही राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई। आरोप है कि पार्टी ने गणेश नाइक के समर्थकों का पक्ष लिया, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े और वर्षों से निष्ठापूर्वक काम कर रहे पुराने कार्यकर्ताओं को सूची से बाहर कर दिया गया। इस निर्णय से समर्पित कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी है।
भाजपा में नाराजगी से शिंदे गुट को होगा फायदा
अब नगरसेवक पद के लिए उन लोगों को उम्मीदवारी मिली है, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में संदीप नाइक का प्रचार किया था। वहीं, भाजपा के निष्ठावान, पुराने सदस्य और मंदा म्हात्रे के समर्थकों को लिस्ट से बाहर कर दिया गया है। इससे भाजपा में भारी अशांति फैल गई है, और शिंदे सेना के उम्मीदवारों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
गौरतलब हे कि उम्मीदवारों की लिस्ट को लेकर भी विवाद गहरा गया है। कई प्रमुख दावेदारों को टिकट की आस थी, पर नाइक समूह ने मंदा म्हात्रे के पक्ष में प्रचार करने वालों को मौका नहीं दिया। संजीव नाइक पर आरोप है कि उन्होंने जिला अध्यक्ष डॉ. राजेश पाटिल को विश्वास में लिए बिना अपनी ओर से लिस्ट जारी की। निष्ठावान कार्यकर्ताओं ने इस पर विरोध दर्ज कराया।
नवी मुंबई चुनाव में कितने उम्मीदवारों के बीच होगा मुकाबला?
बता दें नवी मुंबई में 5 जनवरी 2026 को वोटिंग होगी और 16 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। नवी मुंबई के 28 वार्डों के लिए कुल 499 उम्मीदवार मैदान में हैं। नामांकन जांच में 839 आवेदन वैध और 117 अवैध पाए गए थे, जिनमें से अंतिम दिन 269 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन वापस ले लिए।












Click it and Unblock the Notifications