नाना पटोले का बड़ा आरोप- महाराष्ट्र की शिंदे सरकार में नागरिक क्या अब तो पुलिस भी सुरक्षित नहीं
Maharashtra News: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने महाराष्ट्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार की जमकर आलोचना की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
नाना पटोले ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के नेतृत्व वाली सरकार में हाल में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए नागरिकों के साथ पुलिस की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

महिलाएं और लड़कियां घर में भी नहीं है सुरक्षित
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष पटोले ने कहा "महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। शिंदे-फडणवीस सरकार के कार्यकाल में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। महिलाएं न घर में सुरक्षित हैं, न बाहर, यहां तक कि स्कूल में भी लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं।
कानून की रक्षक भी सुरक्षित नहीं है
नाना पटाेले ने कहा अब तो कानून की रक्षक पुलिस भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा मुंबई के माहिम पुलिस कॉलोनी में 13 पुलिस अधिकारियों के घरों में डकैती हुई और अब पुणे में एक पुलिस उपनिरीक्षक पर दरांती से हमला किया गया।
अपराधियों को संरक्षण देने का लगाया आरोप
पटोले ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के समर्थन के कारण अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि कुछ अपराधी उच्च पदस्थ अधिकारियों के साथ देखे जाते हैं और उन्हें विशेष सुरक्षा व्यवस्था प्राप्त होती है। इसके साथ ही उन्होंने आराेप लगाया इस सरकार के कार्यकाल में अपराधियों को आधिकारिक शक्ति प्राप्त हुई है।
पटोले का आरोप- अपराधी मुख्यमंत्री के साथ देखे जाते हैं
पटोले ने कहा कुछ अपराधी मुख्यमंत्री के साथ देखे जाते हैं, जबकि अन्य को वाई-प्लस सुरक्षा प्रदान की गई है। कुछ तो इलाज के बहाने अस्पतालों में भर्ती भी हो रहे हैं और उन्हें पांच सितारा सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस संरक्षण के कारण कानून प्रवर्तन अधिकारियों पर हमले बढ़ गए हैं। पटोले ने कहा यह सरकार के आशीर्वाद के कारण है कि अपराधी पुलिस पर हमला करने की हिम्मत कर रहे हैं।
आम नागरिक सुरक्षित नहीं
नाना पटोले ने कहा मौजूदा सरकार के शासन में आम नागरिक असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर जनकल्याण की अनदेखी करते हुए निजी लाभ के लिए संसाधनों का दोहन जारी रखने का आरोप लगाया! इस सरकार के शासन में आम लोग सुरक्षित नहीं हैं। सरकार बेशर्म है, जनता को छोड़कर लगातार जनता को लूट रही है।












Click it and Unblock the Notifications