Mumbai Rain: मेयर के सामने खुले मैनहोल में गिरा कर्मचारी, मानसून की पहली बारिश में ही BMC की खुली पोल, Video
Mumbai Rain: मुंबई में 23 जून 2026 (मंगलवार) की रात लगातार 8 घंटे हुए मानसून की भारी बारिश के बीच सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक दावों की पोल खुल गई है। मुंबई के कई इलाके मानसून की पहली बारिश में पानी में डूब गए। मेयर सायन के गांधी मार्केट में जलभराव का जायजा लेने पहुंचीं थी तभी उसके सामने एक कर्मचारी खुले मैनहोल में गिर गया। हादसे ने बीएमसी के मानसून दावों और जमीनी हकीकत के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दरअसल महापौर ऋतु तावडे अपने प्रशासनिक अमले के साथ सायन इलाके में भारी बारिश और जलजमाव की स्थिति का निरीक्षण कर रही थीं। उसी समय गांधी मार्केट के पास एक सफाई कर्मचारी सीधे खुले मैनहोल के अंदर गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला।

वीडियो हुआ वायरल
यह पूरी घटना मौके पर मौजूद लोगों के कैमरों में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि मेयर अपने सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों के साथ खड़ी हैं, तभी कुछ ही दूरी पर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कर रहा कर्मचारी अचानक मैनहोल में गिर जाता है। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने तुरंत हाथ बढ़ाकर उसकी जान बचा ली।
इस हादसे ने मुंबई में मानसूनी तैयारियों और विशेष तौर पर सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस छेड़ दी है। मानसून के दौरान मुंबई में हर साल इस तरह के जानलेवा हादसे देखने को मिलते हैं। बिना किसी सुरक्षा उपकरण, हार्नेस या लाइफ-जैकेट के उफनते नालों और खतरनाक मैनहोल के पास काम करना इन कर्मचारियों के लिए बेहद जोखिम भरा साबित होता है।
मुंबई के कई इलाकों में अक्सर बिना किसी चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा घेरे के मैनहोल खुले छोड़ दिए जाते हैं। गांधी मार्केट में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में भी गहरा गुस्सा है। लोगों का कहना है कि जब महापौर की मौजूदगी के बावजूद इतनी बड़ी लापरवाही हो सकती है, तो आम दिनों में राहगीरों और आम जनता की सुरक्षा की स्थिति की कल्पना आसानी से की जा सकती है।
लापरवाही पर भड़कीं महापौर, निलंबन की चेतावनी
अपने सामने हुए इस हादसे के बाद मेयर ऋतु तावडे बेहद नाराज हो गईं। उन्होंने मौके पर ही मौजूद बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। मेयर ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी वार्ड में कोई मैनहोल खुला पाया जाता है, तो इसके लिए सीधे तौर पर वहां के संबंधित वार्ड अधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने चेताया कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाएगा। इस कड़े रुख के बाद बड़े प्रशासनिक अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया है।
डॉक्टर की खुले मैनहोल में गिरने से हो गई थी मौत
वर्ष 2017 में डॉक्टर दीपक अमरापुरकर की बाढ़ के दौरान खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई थी। इसके बाद बीएमसी ने सुरक्षा के लिए मैनहोल पर लोहे की जालियां लगाने की घोषणा की थी, लेकिन कई स्थानों पर अब भी सुरक्षा उपाय अधूरे दिखाई दे रहे हैं।
मुंबई में मानसून की पहली बारिश से थमी रफ्तार
अंधेरी सबवे बंद, प्रमुख इलाकों में पानी भरा
मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। अंधेरी सबवे में पानी भरने के चलते उसे यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। वहीं वडाला, दादर, सायन हिंदमाता और कुर्ला सहित कई क्षेत्रों की सड़कों पर भी पानी जमा हो गया है।
विक्रोली में दीवार गिरने की घटना
लगातार बारिश के बीच विक्रोली में एक रिहायशी इमारत के पास की दीवार गिरने की खबर सामने आई है। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
क्षेत्रीय मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
लोकल ट्रेन और सड़क यातायात प्रभावित
बारिश के कारण मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाएं और सड़क परिवहन प्रभावित हुए हैं। ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ने से दैनिक यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।













Click it and Unblock the Notifications