Mumbai Metro Update: चेंबूर स्टेशन के शुरू होने का इंतजार खत्म! ईस्ट-वेस्ट सफर होगा 30 मिनट में
Mumbai Metro Update: मुंबई के पूर्वी उपनगरीय (ईस्टर्न सबअर्ब) इलाकों में रहने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से चेंबूर स्टेशन खुलने का इंतजार कर रहे यात्रियों के लिए गुड न्यूज आ गई है। मेट्रो लाइन 2B के तहत बनने वाला चेंबूर स्टेशन अप्रैल 2026 तक शुरू होने की तैयारी में है। इस स्टेशन के चालू होने से अंधेरी वेस्ट के डीएन नगर से मानखुर्द ईस्ट तक का सफर 30 मिनट में पूरा हो जाएगा। इससे लोगों के लिए यात्रा करना तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक होगा
लंबे समय से इस प्रोजेक्ट का इंतजार कर रहे लाखों यात्रियों को इससे सीधा लाभ मिलेगा। मेट्रो 2B को 'येलो लाइन' के नाम से भी जाना जाता है। यह लाइन शहर की ईस्ट-वेस्ट कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और सड़क यातायात पर दबाव को काफी हद तक कम करने का अनुमान है।

Mumbai Metro Update: भारी जाम से मिलेगी लोगों को राहत
- फिलहाल इस रूट पर रोजाना हजारों लोग बस, ऑटो और निजी वाहनों से सफर करते हैं, जिससे वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और सांताक्रूज-चेम्बूर लिंक रोड पर भारी जाम लगता है।
- मेट्रो शुरू होने के बाद सफर का समय लगभग आधा रह जाने की उम्मीद है। यह कॉरिडोर केवल एक रूट नहीं, बल्कि मुंबई के ट्रांसपोर्ट नेटवर्क का अहम जंक्शन बनेगा।
- डीएन नगर पर मेट्रो लाइन 1, बीकेसी क्षेत्र में मेट्रो लाइन 3 और चेम्बूर में मोनोरेल व लोकल ट्रेन से इसका सीधा कनेक्शन होगा। यानी यात्री बिना ज्यादा झंझट के अलग-अलग रूट पर ट्रांसफर कर सकेंगे।
Chembur Station शुरू होने से कारोबारी गतिविधियां होंगी तेज
चेंबूर स्टेशन खुलने से इलाके की आर्थिक गतिविधियां भी तेज होंगी। रियल एस्टेट बाजार में पहले से ही हलचल दिखने लगी है। प्रॉपर्टी कंसल्टेंट्स के अनुसार, चेम्बूर और गोवंडी, तिलक नगर, मानखुर्द जैसे इलाकों में घरों और कमर्शियल स्पेस की मांग बढ़ सकती है, क्योंकि यह क्षेत्र मुंबई का नया ईस्टर्न गेटवे बन सकता है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) तेजी से निर्माण कार्य पूरा करने में जुटा है। सिग्नलिंग, ट्रैक बिछाने और सेफ्टी ट्रायल का काम अंतिम चरण में है। अगर तय समय पर काम पूरा हुआ तो अप्रैल से यात्रियों को मेट्रो 2B की सौगात मिल जाएगी, जो मुंबई के पब्लिक ट्रांसपोर्ट में एक और मील का पत्थर साबित होगी।












Click it and Unblock the Notifications