Mumbai Metro News Update: मुंबई मेट्रो को मिलेगी रफ्तार, देवेंद्र फडणवीस सरकार ने दी बड़ी राहत
Mumbai Metro News Update: महाराष्ट्र की देवेंद्र फडणवीस सरकार कई बार कह चुकी है कि प्रदेश में मेट्रो प्रोजेक्ट को समय पर पूरा किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से मिलने वाली ऋण की राशि में से 605.9 मिलियन (60.59 करोड़ रुपये) कर्ज स्वीकृत किया है। राज्य सरकार की ओर से मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) को यह राशि जारी करने को मंजूरी दी है। यह राशि मुंबई मेट्रो की 2A, 2B और 7 के निर्माण में खर्च की जाएगी।
इस फंड से मेट्रो की 2A, 2B और 7 के निर्माण कार्य में आने वाली सबसे बड़ी बाधा दूर हो गई है। सरकार के इस फैसले को मुंबई की शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस फंडिंग के बाद उम्मीद है कि तीनों प्रोजेक्ट अपने तय डेडलाइन में पूरे होंगे।

Mumbai Metro News Update: फंडिंग से मिलेगी प्रोजेक्ट को रफ्तार
- यह फंडिंग एक बाहरी उधारी व्यवस्था (External Borrowing Arrangement) का हिस्सा है। इसके तहत एडीबी मुंबई में प्रमुख एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता दे रहा है।
- तय प्रक्रिया के अनुसार, MMRDA पहले परियोजना पर खर्च करता है और बाद में एडीबी से रीइंबर्समेंट के लिए दावा करता है। एडीबी से स्वीकृति मिलने के बाद यह राशि केंद्र सरकार के माध्यम से राज्य सरकार तक पहुंचती है।
- फिर बजटीय प्रावधानों के तहत MMRDA को ऋण के रूप में दी जाती है। फंडिंग की राशि मिलने के साथ ही मेट्रो प्रोजेक्ट्स के निर्माण में आने वाली वित्तीय बाधा दूर हो गई है।
Mumbai Metro News: तीनों मेट्रो कॉरिडोर का कुल ऋण 36.42 अरब
इस ताजा किस्त के साथ, एडीबी सहायता के तहत इन तीनों मेट्रो कॉरिडोर के लिए MMRDA को अब तक जारी कुल ऋण राशि बढ़कर 36.42 अरब रुपये हो गई है। मुंबई मेट्रो लाइन 2A दहिसर वेस्ट से डीएन नगर तक जाती है। लाइन 7 अंधेरी ईस्ट से दहिसर ईस्ट को जोड़ती है, पहले से ही परिचालन में हैं। मेट्रो लाइन 2B डीएन नगर से मंडाले को जोड़ने वाली है। यह लाइन अभी निर्माणाधीन है। इसके पूरा होने से मुंबई के पश्चिमी और मध्य उपनगरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
Mumbai Metro को सरकार ने दिया है ब्याज मुक्त लोन
बता दें कि पिछले महीने भी महाराष्ट्र सरकार ने इन मेट्रो परियोजनाओं के लिए ब्याज-मुक्त ऋण सहायता दी थी। इसके तहत लाइन 7 के लिए 496.3 मिलियन रुपये, लाइन 2B के लिए 1.13 अरब रुपये और लाइन 2A के लिए 287.9 मिलियन रुपये आवंटित किए गए थे। ये मेट्रो कॉरिडोर मुंबई महानगर क्षेत्र में पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इससे सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा, जाम की समस्या घटेगी। साथ ही, उपनगरीय लोकल रेल नेटवर्क पर निर्भरता भी कम होने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications